अब रितिक से मिलन कभी नहीं : सुजैन
सुपर स्टार रितिक रोशन के साथ पुनर्मिलन की खबरों का सुजैन खान ने खंडन किया है। कुछ दिनों पहले दोनों के दोपहर के भोजन पर मिलने के बाद उनके एक होने की अटकलें तेज हो गई थी।
मुंबई, प्रेट्र । सुपर स्टार रितिक रोशन के साथ पुनर्मिलन की खबरों का सुजैन खान ने खंडन किया है। कुछ दिनों पहले दोनों के दोपहर के भोजन पर मिलने के बाद उनके एक होने की अटकलें तेज हो गई थी। कंगना रनोट के साथ विवाद में भी सुजैन ने पूर्व पति रितिक का समर्थन किया था।
दोनों वर्ष 2014 में अलग हुए थे, लेकिन बच्चों की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं। सुजैन ने ट्वीट किया, 'मैं और रितिक कभी एक नहीं होंगे, लेकिन हमलोग हमेशा अच्छे अभिभावक बने रहेंगे। यह हमारी पहली प्राथमिकता है। ऐसे में मैं लोगों से आग्रह करती हूं कि वे हमारे बारे में अटकलबाजी को विराम दें।' दोनों को बच्चों के साथ लंच पर साथ में देखा गया था। इससे पहले रितिक और कंगना की एक फोटो लीक हुई थी, जिसमें दोनों गले मिलते हुए दिख रहे हैं। सुजैन ने रितिक का साथ देते हुए फोटो को फर्जी बताया था।