Box Office पर हॉलीवुड की 'Aquaman' का सैलाब, पहले दिन कमाये इतने करोड़
एक्वामैन 2018 की टॉप 10 ओपनिंग लेने वाली हॉलीवुड फ़िल्मों में शामिल हो गयी है। इस लिस्ट में फ़िल्म पांचवें पायदान पर है, जबकि टॉप पर एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर है, जिसका रिकार्ड टूटना फ़िलहाल असंभव दिख रहा है।
मुंबई। बॉलीवुड में इस साल हॉलीवुड फ़िल्मों ने शानदार प्रदर्शन किया है। ताज़ा हॉलीवुड पेशकश Aquaman ने इस सिलसिले को बरकरार रखते हुए बेहतरीन ओपनिंग ली है, जिसने बॉलीवुड फ़िल्मों के लिए चुनौती बढ़ा दी है।
'एक्वामैन' भारतीय बाज़ार में 14 दिसम्बर को रिलीज़ हुई। इससे पहले 13 दिसम्बर को पेड प्रीव्यूज़ रखे गये थे। ट्रेड सूत्रों के अनुसार, फ़िल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर ₹7.75 करोड़ का कलेक्शन किया है। यह रकम गुरुवार को हुए पेड प्रीव्यूज़ और शुक्रवार के ओपनिंग कलेक्शन को मिलाकर है। 'एक्वामैन' देश में अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में 3 डी, आईमैक्स और 2 डी फॉर्मेट्स में रिलीज़ की गयी है। ट्रेड विश्लेषकों का अनुमान है कि फ़िल्म ओपनिंग वीकेंड में ₹20 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी, जबकि लाइफ़ टाइम कलेक्शन ₹75 करोड़ से अधिक हो सकता है।
'एक्वामैन' अंडर वॉटर सुपर हीरो की कहानी है। इस कैरेक्टर को आप इससे पहले एवेंजर्स सीरीज़ की फ़िल्म 'जस्टिस लीग' में देख चुके हैं, मगर 'एक्वामैन' में इस सुपर हीरो की पूरी कहानी दिखायी गयी है। फ़िल्म को जेम्स वॉन ने डायरेक्ट किया है और जेसन मोमोआ लीड रोल में हैं, जबकि एम्बर हर्ड फ़ीमेल लीड में नज़र आ रही हैं। 'एक्वामैन' जलपरी की ख़ूबियों वाला महामानव है। यूएसए में फ़िल्म 21 दिसम्बर को आ रही है। 'एक्वामैन' को उत्तर भारत में वितरित करने के अधिकार इनबॉक्स पिक्चर्स ने हासिल किये हैं।
'एक्वामैन' 2018 की टॉप 10 ओपनिंग लेने वाली हॉलीवुड फ़िल्मों में शामिल हो गयी है। इस लिस्ट में फ़िल्म पांचवें पायदान पर है, जबकि टॉप पर एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर है, जिसका रिकॉर्ड टूटना फ़िलहाल असंभव दिख रहा है।
1. एवेंजर्स-इनफिनिटी वॉर- ₹31.30 करोड़
2. डेडपूल2- ₹11.25 करोड़
3. मिशन इम्पॉसिबिल- फॉल आउट- ₹10 करोड़
4. द नन- ₹8 करोड़
5. एक्वामैन- ₹7.75 करोड़
6. जुरासिक वर्ल्ड फॉलन किंगडम- ₹5.75 करोड़
7. ब्लैक पैंथर- ₹5.60 करोड़
8. एंटमैन एंड वास्प- ₹5.50 करोड़
9. वेनम- ₹4.08 करोड़
10. इनक्रेडिबल्स2- ₹3.85 करोड़ (एनीमेशन फ़िल्म)
वहीं, अगर ओवरऑल कलेक्शंस के हिसाब से Top 10 Hollywood Movies In India की लिस्ट तैयार करें तो वो इस प्रकार आती है-
10. लाइफ़ ऑफ़ पाई- ₹88 करोड़
9. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- ₹96 करोड़
8. स्पायडरमैन 3- ₹100 करोड़
7. 2012- ₹102 करोड़
6. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- ₹111 करोड़
5. जुरासिक वर्ल्ड- ₹152 करोड़
4. अवतार- ₹145 करोड़
3. फ्यूरियस 7- ₹172 करोड़
2. जंगल बुक- ₹188 करोड़
1. एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर- ₹222.69 करोड़
बॉलीवुड की बढ़ी मुश्किलें
एक्वामैन के कलेक्शंस को देखते हुए इस वीकेंड में बॉलीवुड फ़िल्मों 'केदारनाथ' और 2.0 के लिए थोड़ा मुश्किल हो सकती है। ग़ौरतलब है कि 7 दिसम्बर को रिलीज़ हुई 'केदारनाथ' ने बीते शुक्रवार (14 दिसम्बर) को सिर्फ़ ₹2.50 करोड़ जमा किये थे, जबकि अक्षय कुमार और रजनीकांत की 2.0 के हिंदी वर्ज़न को सिर्फ़ ₹1.50 करोड़ ही मिल सके। वहीं 'एक्वामैन' को ₹7.75 करोड़ मिले। 29 नवंबर को रिलीज़ हुई 2.0 का यह तीसरा शुक्रवार था। फ्राइडे कलेक्शंस का अंतर बता रहा है कि 'एक्वामैन' इन दोनों फ़िल्मों को मुश्किल में डाल सकती है। अगले शुक्रवार (21 दिसम्बर) को शाह रुख़ ख़ान की बहुप्रीतिक्षित फ़िल्म 'ज़ीरो' रिलीज़ हो रही है, जिसके बाद बॉक्स ऑफ़िस पर भारी बदलाव आने की उम्मीद है।