सुप्रीम कोर्ट जजों के मामले में हेमा मालिनी की ये है राय
हेमा मालिनी ने पिछले दिनों कहा था कि मुंबई में ज़्यादा आग इसलिए लगती है क्योंकि यहां आबादी लगातार बढ़ती जा रही है।
रुपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने सर्वोच्च न्यायालय के चार जजों द्वारा मीडिया में आ कर सुप्रीम कोर्ट की कार्यप्रणाली पर उठाये गए सवाल के मामले में कहा है कि इस बारे में जो भी उचित होगा, सरकार अपना निर्णय लेगी।
हेमा मालिनी ने मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में कहा कि यह एक लोकतांत्रिक देश है। यहाँ पर सभी के अपने अधिकार हैं, तो वो जता रहे हैं। जो सही है उसका निर्णय लिया जाएगा। हेमा मालिनी से जब यह पूछा गया तो उनके चेहरे पर तनाव स्पष्ट देखा जा सकता था। इस प्रश्न का उत्तर देते ही वह आगे बढ़ गयी। गौरतलब है कि पिछले दिनों सर्वोच्च न्यायालय के चार जजों ने सीजेआई के काम करने के तरीके पर प्रश्नचिन्ह लगाते हुए एक प्रेस वार्ता की थी, जिसमें उन्होंने केसों के बंटवारे का मुद्दा उठाया था। हेमा मालिनी मुंबई में एक किताब के लॉन्च का मौके पर आई थीं।
यह भी पढ़ें:शोले के साथ 43 साल पहले सेंसर बोर्ड ने किया था ऐसा, दिल में आज भी टीस है
उत्तर प्रदेश के मथुरा से सांसद हेमा मालिनी पिछले दिनों तब विवाद में आई गई थीं जब मुंबई के एक पब में लगी आग के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा था कि मुंबई में ज़्यादा आग इसलिए लगती है क्योंकि यहां आबादी लगातार बढ़ती जा रही है।