सलमान खान को 50वें बर्थडे से पहले ही मिल चुके हैं ये गिफ्ट
बॉलीवुड के 'दबंग' सलमान खान का आज जन्मदिन है। वह आज 50 साल के हो गए हैं। सलमान का जन्म 27 दिसंबर 1965 को मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था। सलमान के लिए ये जन्मदिन कई मायनों में खास है।
नई दिल्ली। बॉलीवुड के 'दबंग' सलमान खान का आज जन्मदिन है। वह आज 50 साल के हो गए हैं। सलमान का जन्म 27 दिसंबर 1965 को मध्यप्रदेश के इंदौर में हुआ था। सलमान के लिए ये जन्मदिन कई मायनों में खास है। सल्लू मियां को जन्मदिन से पहले ही कई बेहतरीन गिफ्ट मिल चुके हैं। सलमान को पिछले दिनों हिट एंड सन केस में बॉम्बे हाईकोर्ट से बरी कर दिया गया। वहीं सुनने में आ रहा है कि सलमान अपनी कथित गर्लफ्रेंड लूलिया वंतूर के सामने शादी का प्रपोजल भी रखने जा रहे हैं।
सूरज बड़जात्या ने दिया बिग ब्रेक
सलमान खान ने अपने करियर की शुरुआत साल 1988 में फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' से की थी। इस फिल्म में वह सपोर्टिंग रोल में थे। लेकिन सलमान का बतौर लीड एक्टर डेब्यू हुआ सूरज बड़जात्या की फिल्म 'मैंने प्यार किया' से। 1989 में आई इस फिल्म ने सलमान को रातोंरात स्टार बना दिया। वह घर-घर में 'प्रेम' के नाम से पहचाने जाने लगे। यहां से सलमान की जो रोमांटिक हीरो वाली इमेज बनी वो 'सनम बेवफा', 'पत्थर के फूल', 'साजन' और 'हम आपके हैं कौन' जैसी फिल्मों में भी देखने को मिली।
साल 2010 में बने बॉलीवुड के 'दबंग'
सलमान के करियर में एक ऐसा दौर भी आया जब लगा कि अब वो शायद ही वापसी कर पाएं। लेकिन साल 2010 के बाद उनके करियर में वो फेस आया, जो उन्हें सफलता की बुलंदियों तक ले गया। इस साल उनकी फिल्म 'दबंग' रिलीज हुई, जिसे जबरदस्त सफलता मिली। इसके बाद आई उनकी फिल्में 'रेडी', 'बॉडीगार्ड', 'एक था टाइगर' और 'दबंग 2' बॉक्स ऑफिस पर सफलता के कई रिकॉर्ड कायम किए। साल 2010 में ही सलमान ने 'चिल्लर पार्टी' से फिल्म प्रोडक्शन की फील्ड में भी कदम रख दिए।
500 करोड़ की कमाई वाले पहले बॉलीवुड स्टार
इस साल रिलीज हुई सलमान खान की फिल्मों 'बजरंगी भाईजान' और 'प्रेम रतन धन पायो' ने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन कलेक्शन किया। इसके साथ ही सलमान ऐसे पहले बॉलीवुड एक्टर बन गए, जिनकी फिल्मों ने एक साल में 500 करोड़ रुपये की कमाई की है। इससे पहले किसी भी बॉलीवुड एक्टर की फिल्मों ने एक ही साल में 500 करोड़ रुपये का कलेक्शन नहीं किया था।
हिट एंड रन केस में मिली राहत
सलमान को इस साल लगभग तेरह साल पुराने हिट एंड रन केस में बॉम्बे हाईकोर्ट से भी राहत मिल गई। कोर्ट ने सलमान को बरी कर दिया है। ये केस सलमान के मन पर एक बोझ की तरह था, जो अब उतर गया है। कोर्ट का ये फैसला सलमान के लिए सबसे बड़ा बर्थडे गिफ्ट साबित हुआ है। सुनने में आ रहा है कि अब सलमान लाइफ में आगे बढ़ने के बारे में सोच रहे हैं। वह अगले साल शादी के बंधन में बंध सकते हैं। खबर है कि सलमान अपनी कथित गर्लफ्रेंड लूलिया वंतूर से शादी करने की योजना बना चुके है।