सोनू निगम की मधुर आवाज, गणेश आचार्य बने गीतकार; Ganesh: Dust to Stardust का नया गाना हुआ रिलीज
मशहूर डांस कोरियोग्राफ गणेश आचार्य की बायोपिक ड्रामा फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का नया गाना मेकर्स की तरफ से रिलीज कर दिया गया है।
-1793099497136_m.webp)
‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का गाना (फोटो क्रेडिट- स्क्रीन शॉट)
HighLights
‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ का सॉन्ग रिलीज
गणेश आचार्य ने खुद लिखे गाने के बोल
गायक सोनू निगम ने गाया मोटिवेशनल गीत
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। अपनी आगामी फिल्म ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ (Ganesh: Dust To Stardust) का ट्रेलर पेश करने के बाद, गणेश आचार्य दर्शकों के लिए एक और सरप्राइज लेकर आए हैं। मशहूर कोरियोग्राफर, अभिनेता और फिल्ममेकर बन चुके गणेश आचार्य (Ganesha Acharya), फिलहाल मोटिवेशनल गीत 'कर मेहनत' के साथ अब गीतकार के रूप में अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं।
उन्होंने अपनी ही निर्देशित फिल्म के प्रेरणादायक गाने ‘कर मेहनत’ के बोल लिखे हैं, जिसे आवाज दी है दिग्गज गायक सोनू निगम ने।
मोटिवेशनल सॉन्ग कर मेहनत
मेहनत, दृढ़ संकल्प और लगन के सशक्त संदेश पर आधारित गीत ‘कर मेहनत’ जीवन में आने वाली तमाम चुनौतियों के बावजूद हार न मानने के जज्बे का जश्न मनाती है। रोजमर्रा के संघर्षों, महत्वाकांक्षाओं और आगे बढ़ते रहने के साहस को बयां करते इसके बोल हर उम्र के श्रोताओं के दिलों को छूने का प्रयास करती है।
यह भी पढ़ें- 'बीड़ी जलाई ले से मल्हारी तक...' बड़े पर्दे पर दिखेगी Ganesh Acharya के संघर्ष की कहानी, फिल्म का ट्रेलर रिलीज

फिलहाल इस गाने को खास बनाती है गणेश आचार्य की एक नए रचनात्मक क्षेत्र में कदम रखने की पहल। जहां दशकों से अपनी कोरियोग्राफी और अभिनय के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करने वाले गणेश आचार्य ने अब शब्दों के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त किया है, वहीं, सोनू निगम की दिल को छू लेने वाली और दमदार आवाज़ ने इन भावनाओं को जीवंत बना दिया है।
गणेश आचार्य के विचार
गाने को लिखने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए गणेश आचार्य कहते हैं- कर मेहनत' मेरे लिए बेहद खास गाना है, क्योंकि पहली बार मैंने अपनी ही फिल्म के किसी गाने के बोल लिखे हैं। मैं हमेशा से मानता आया हूं कि मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। आप चाहे कोई भी हों या कहीं से भी आते हों, हर किसी के अपने सपने होते हैं और हर किसी को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
यह गाना उन सभी लोगों के लिए है, जो जिंदगी में कुछ हासिल करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि लोग इसकी भावनाओं और संदेश से जुड़ाव महसूस करेंगे, क्योंकि किसी न किसी रूप में यह हम सभी के अनुभवों को दर्शाता है। मेरे लिखे बोलों को सोनू निगम की आवाज़ मिलना इसे मेरे लिए और भी खास बना देता है।
सोनू निगम ने गाया गीत
गाने के बारे में अपने विचार साझा करते हुए सोनू निगम कहते हैं- कर मेहनत' एक खूबसूरत और सार्थक संदेश देने वाला गाना है। मेहनत, धैर्य और लगन ऐसी भावनाएं हैं, जिनसे हर कोई जुड़ सकता है, फिर चाहे उसका पेशा या पृष्ठभूमि कुछ भी हो। मुझे इस गाने की सबसे खास बात इसके बोलों की सच्चाई लगी।
गणेश जी ने एक बेहद सरल, लेकिन प्रभावशाली बात को खूबसूरती से व्यक्त किया है और मेरा मानना है कि यही बात श्रोताओं के दिलों तक पहुंचेगी। मुझे ऐसे गाने का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है, जो लोगों को खुद पर और अपने सपनों पर विश्वास बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है।
कब रिलीज होगी ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’
वी2एस प्रोडक्शन एंड एंटरटेनमेंट की प्रस्तुति ‘गणेश: डस्ट टू स्टारडस्ट’ के निर्माता सौंदर्या आचार्य हैं, जबकि फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी गणेश आचार्य ने संभाली है। फिल्म की पटकथा और संवाद दिगांगना सूर्यवंशी और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर जुनैद कुमार ने तैयार किया है, जबकि इसके गीतों के बोल समीर अंजान और गणेश आचार्य ने लिखे हैं। ये फिल्म 11 दिसंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
