Coronavirus Fight: स्केच बनाकर फराह ख़ान की बेटी अन्या ने जरूरतमंद लोगों के लिए जुटाए 1 लाख रुपये
Coronavirus Fight फ़िल्ममेकर फराह ख़ान की बेटी अन्या कुंदर भी लोगों की मदद के लिए आगे आई हैं। वह स्केच बनाकर इस लॉकडाउन के माहौल में जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। Coronavirus Fight: कोरोना वायरस से पूरी दुनिया परेशान है। भारत उन देशों में शामिल है, जहां पिछले कुछ दिनों में संक्रमण में इजाफा हुआ है। ऐसे में भारत में कोविड -19 (Covid-19) को हराने के लिए एक जंग चल रही है। इस जंग में सभी लोग अपनी ओर से मदद कर रहे हैं। बॉलीवुड भी इस मामले में पीछे नहीं है। बॉलीवुड सेलेब्स के साथ-साथ स्टार किड्स में अपनी ओर लोगों की मदद कर रहे हैं।
फ़िल्ममेकर फराह ख़ान की बेटी अन्या कुंदर भी लोगों की मदद के लिए आगे आई हैं। वह स्केच बनाकर इस लॉकडाउन के माहौल में जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही हैं। अन्या ने पालतू जानवर यानी पेट्स के स्केच बनाकर करीब एक लाख रुपये इकठ्ठे किए हैं। उन्होंने इन पैसों का इस्तेमाल जरूरतमंद लोगों और आवारा कुत्तों (स्ट्रीट डॉग्स) की मदद के लिए किया है।
इस बात की जानकारी खुद फराह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से दी है। फराह ने लिखा है, 'अन्या ने एक लाख रुपये इकठ्ठा किए। रोज स्कूल से पहले और बाद में, वीकेंड में स्केच बनाकर। वह डोनेशन के लिए मेहनत से स्केच बना रही है। सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने डोनेट किया है। इन सभी पैसों का इस्तेमाल स्ट्रीट डॉग्स की मदद के लिए और झुग्गियों में खाना पहुंचाने के लिए किया जा रहा है।' फराह ने इसके साथ एक वीडियो भी शेयर किया है, इसमें अन्या स्केच बना रही हैं। वह स्केच जरिए लोगों को शुक्रिया भी कहती हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फराह, अन्या के इस काम के बारे में लोगों को बता चुकी हैं। अन्या एक स्केच बनाने के लिए एक हजार रुपये लेती हैं। वह लोगों के लिए पालतू जानवर (पेट्स) के स्केच बनाती हैं। इससे पहले अन्या इस तरह स्केच बनाकर करीब 70 हजार रुपये इकठ्ठा किए थे। इसका इस्तेमाल भी जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए ही किया गया है।