Exclusive: अरुण गवली कुछ भी हों लेकिन गुंडे तो बिल्कुल नहीं हैं - अर्जुन रामपाल
सिनेमाघरों में अर्जुन की फिल्म डैडी 8 सितंबर को दस्तक देने वाली है।
रुपेशकुमार गुप्ता, मुंबई। फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल की फिल्म डैडी जल्द रिलीज़ होने वाली है। इस फिल्म में अरुण गवली का किरदार निभा रहे अर्जुन का मानना है कि अरुण गुंडे कभी नहीं हो सकते क्योंकि वो कभी गुंडे थे ही नही।
फिल्म अभिनेता अर्जुन रामपाल ने अपनी अपकमिंग फिल्म डैडी को लेकर जागरण डॉट कॉम से खास बातचीत करते हुए बताया कि इस फिल्म के लिए उन्होंने बहुत रिसर्च की है। अरुण गवली की जिंदगी के करीब आए तो पता चला कि अरुण गैंगस्टर, पॉलिटिशियन हो सकते हैं लेकिन गुंडा वो कभी नहीं कहलाए जा सकते। अर्जुन रामपाल कहते है, 'अरुण गवली पर बनी इस फिल्म पर काम करने के दौरान मैंने यह समझा कि अरुण गवली कुछ भी हो सकते हैं लेकिन गुंडे कभी नहीं हो सकते। इसके पीछे कारण यह है कि उन्होंने दगड़ी चॉल के लोगों के लिए बहुत अच्छे कार्य किये हैं। उनकी सहायता की है। जिसके चलते लोग उनका सम्मान करते हैं। ऐसा नहीं है कि लोग उनका डरकर सम्मान करते हैं। अरुण गवली ने लोगों के लिए इतना किया है कि लोग उनका सच्चे दिल से सम्मान ही करते हैं और आज भी यह सम्मान बरकरार है। इसलिए आप उन्हें रॉबिनहुड का दर्जा दे सकते हैं। आप सोचिये अगर ऐसा होता कि वह गुंडे होते तो क्या वह चुनाव लोकतांत्रिक पद्धति से जीतकर विधानसभा में पहुंच पाते। इसलिए मेरे लिए अरुण गवळी गुंडे नहीं हैं।'
यह भी पढ़ें: बादशाहो का नया गाना होशियार रहना तेरे नगर में चोर आवेगा देखिए
फिल्म डैडी में अरुण गवली की भूमिका अर्जुन रामपाल ने निभाई है। फिल्म का निर्देशन असीम अहलूवालिया ने किया है। सिनेमाघरों में यह फिल्म 8 सितंबर को दस्तक देने वाली है।