यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 07, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Dilip Kumar ने ऐसे बचाई थी शगुफ्ता अली के पापा की ज़िंदगी, एक्ट्रेस को दिलाया फिल्मों में काम
Dilip Kumar Saved Shagufta Ali Father Life लेजेंड अभिनेता दिलीप कुमार के निधन के बाद सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी उन्हें याद कर एक भावुक नोट लिखा है।

नई दिल्ली, जेएनएन। लेजेंड अभिनेता दिलीप कुमार के निधन के बाद सोशल मीडिया पर लगातार उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी उन्हें याद कर एक भावुक नोट लिखा है। स्टार्स से लेकर दिलीप साहब के फैंस तक हर किसी की आज आंखें नम हैं और लोग उनके किस्से कहानियों को याद कर रहे हैं। ऐसे में फेमस एक्ट्रेस शगुफ्ता अली जो आज आर्थिक तंगी से गुज़र रही हैं उन्होंने दिलीप साहब को याद करते हुए बताय है कि आज कई सालों पहले कैसे अभिनेता ने एक्ट्रेस के पिता की जान बचाई थी। शगुफ्ता ने बताया कि किस तरह दिलीप कुमार ने एक्ट्रेस के पिता के इलाज का पूरा खर्च उठा लिया था और उन्हें फिल्मों में काम दिलवाने में भी मदद की।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में शगुफ्ता ने बताया, ‘एक बड़ी वजह कि मैंने शादी नहीं की वो ये थी कि मुझे अपने परिवार की देखभाल करनी थी। मेरे कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी थी, इसलिए मैंने काम करना शुरू किया। जब मैं 17 साल की थी तभी से मैंने काम करना शुरू कर दिया क्योंकि मेरे लंदन में मेरे पिता की एक बहुत बड़ी सर्जरी होनी थी। उस समय दिलीप साहब ने हमारी बहुत मदद की। दिलीप साहब और मेरे पिताजी बहुत अच्छे दोस्त थे, उन्होंने मेरे पिता के इलाज का पूरा खर्च उठाया। पिता के इलाज में 6 लाख रुपए खर्च हुए थे। पिता की सर्जरी सक्सेसफुल रही थी, दिलीप अंकल उनके पास 2 महीने रुके थे और फिर वापस आ गए’।
आगे एक्ट्रेस ने बताया, ‘सर्जरी के बाद मेरे पिता काम नहीं कर पाए उस समय भी दिलीप साहब ने आर्थिक रूप से हमारी बहुत मदद की। मेरे परिवार क ख्याल रखने के लिए कोई नहीं था तो मैंने काम करना शुरू किया। मैंने अपनी SSC पूरी की और काम के लिए दिलीप कुमार से बात की। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं शादी कर लूं लेकिन मैंने कहा कि मुझे काम करना है क्योंकि मुझे अपने परिवार की देखभाल करनी है। फिर उन्होंने फिल्मों में मेरी मद की। उन्होंने मुझे मेरी पहली फिल्म ‘कानून अपना अपना’ दिलवाई। उसके बाद मैंने और भी फिल्मों में काम किया। उस समय भी अपने परिवार का ख्याल रखना चाहती थी आज भी मैं अपने परिवार का ध्यान रखना चाहती हूं’।