धर्मेंद्र ने अपनी पहली कार की दिखाई झलक, 62 साल पुरानी फिएट को पहाड़ों पर फर्राटे से किया ड्राइव
अभिनेता धर्मेंद्र सोशल मीडिया पर अक्सर अपने फैंस के लिए वीडियो और फोटो शेयर करते रहते हैं। जिनमें उनके अलग-अलग कई अंदाज देखने को मिलते हैं। होली के खास मौके पर भी उन्होंने एक स्पेशल वीडियो साझा किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। धर्मेंद्र बॉलीवुड के अच्छे अभिनेता होने साथ ही साथ एक जिंदादिल इंसान भी हैं। वह अपने फैंस के लिए सोशल मीडिया पर अक्सर कुछ न कुछ शेयर करते रहते हैं और अपनी लाइफ के मजेदार किस्सों से रूबरू कराते हैं। अब ऐसे में वह भला होली के खास मौके को कैसे छोड़ देते। प्रशंसकों को रंगों का यह त्योहार विश करने के लिए धर्मेंद्र ने एक बेहद ही खास पोस्ट शेयर किया है। जिसमें वह अपनी 62 साल पुरानी कार चलाते हुए नजर आ रहे हैं।
धर्मेंद्र ने शुक्रवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो सेाझा किया है। जिसमें वह 86 साल की उम्र में भी फर्राटे से कार दौड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार पहाड़ों के बीच बनी हुई एक कच्ची सड़क पर चलती हुई दिखाई दे रही है। जिसे धर्मेंद्र ड्राइव कर रहे हैं। 55 सेकंड के इस वीडियो क्लिप में धर्मेंद्र आखिर में कार के बगल में खड़े होकर बताते हैं यह उनकी पुरानी फिएट कार है। जिसे उन्होंने 1960 में खरीदा था। उन्होंने यह भी बताया कि वह गाड़ी को बहुत तेजी से चलाकर लाए हैं। वीडियो शेयर करते हुए धर्मेंद्र ने लिखा है, 'यह मेरा सबसे प्यारा, मेरा पहला फिएट (FAIT) है। मैंने इसे 1960 में खरीदा था। आज मैंने इसे पहाड़ी के ऊबड़-खाबड़ रास्ते पर चलाया। हैप्पी होली। लव यू ऑल।' धर्मेंद्र का वीडियो उनके फैंस को खूब पसंद आ रहा है और वह उनके इस अंदाज की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
My most loving, my first FAIT. I bought it in 1960. Today, i drove it on the rough road to my Hill. HAPPY HOLi 🥳 Need your Good Wishes 🙏. Love 💕 you all. pic.twitter.com/UfMcs0tyrg— Dharmendra Deol (@aapkadharam) March 18, 2022
वर्क फ्रंट की बात करें तो धर्मेंद्र जल्द ही फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में उनके साथ रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, जया बच्चन और शबाना आजमी हैं। जिसे करण जौहर डारेक्ट कर रहे हैं। इसके अलावा धर्मेंद्र 'अपने 2' की भी तैयारी कर रहे हैं। जिसमें वह बॉबी देओल, सनी देओल और उनके बेटे करण देओल के साथ नजर आएंगे।