धर्मेंद्र के नक्शे क़दम पर चल रहे हैं पोते करण देओल, अभी से करने लगे यह काम!
करण की डेब्यू फ़िल्म का नाम पल पल दिल के पास है जिसे ख़ुद सनी देओल ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म का टाइटल धर्मेंद्र की हिट फ़िल्म ब्लैकमेल के एक बेहद लोकप्रिय गाने से लिया गया है।
मुंबई। सनी देओल के बेटे करण देओल बॉलीवुड में अपनी इनिंग शुरू करने वाले हैं। करण की डेब्यू फ़िल्म पलपल दिल के पास 19 जुलाई को रिलीज़ हो रही है। पूरा देओल परिवार करण के डेब्यू को लेकर उत्साहित है। ख़ासकर ग्रैंड पा धर्मेंद्र, जिन्होंने हिंदी सिनेमा को कई कल्ट फ़िल्में दी हैं और भारतीय सिनेमा में अपनी एक अलग पहचान बनायी है।
अब लगता है कि करण अपने ग्रैंड पा को सिर्फ़ करियर के मामले में फॉलो नहीं कर रहे हैं, बल्कि रियल लाइफ़ में भी वो धर्मेंद्र से काफ़ी प्रभावित हैं। धर्मेंद्र बेहतरीन एक्टर होने के साथ एक अच्छे शायर भी हैं। अपनी ज़िंदगी के तजुर्बों को वो अक्सर शेरो-शायरी के माध्यम से लिखते और कहते रहते हैं। अब ऐसा ही करण का हुनर भी सामने आया है। महिला दिवस पर करण ने अपनी मॉम को समर्पित करते हुए अंग्रेजी में एक कविता लिखी थी, जिसे उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर भी किया था। धर्मेंद्र को करण की यह कविता काफ़ी पसंद आयी और उन्होंने इंस्टाग्राम पर इसकी तारीफ़ करते हुए लिखा था- बहुत ही भावपूर्ण कविता है। दुआएं दे रही हैं हवाएं, महर उसकी लाज़िम है। जीते रहो। विनम्र और दयालु बने रहना।
करण ने अपनी कविता अपनी मॉम पूजा देओल को समर्पित करते हुए लिखा था कि इस मौक़े के लिए कुछ लिखा है। इस शख़्स के पीछे खड़ी महिला को शुक्रिया कहने के लिए एक छोटी सी कोशिश।
करण की डेब्यू फ़िल्म का नाम पल पल दिल के पास है, जिसे ख़ुद सनी देओल ने डायरेक्ट किया है। फ़िल्म का टाइटल भी धर्मेंद्र की हिट फ़िल्म ब्लैकमेल के एक बेहद लोकप्रिय गाने से लिया गया है। फ़र्स्ट लुक 14 फरवरी को रिलीज़ किया गया था। फ़िल्म से करण के साथ सहर बाम्बा भी बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं।
उधर, करण ने अपनी फ़िल्म की रिलीज़ के मद्देनज़र इवेंट्स अटेंड करना शुरू कर दिया है। हाल ही में वो पापा सनी देओल के साथ एक ऑल वुमन बाइक रैली के फ्लैग ऑफ़ करने पहुंचे। इस रैली में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकारी शामिल हुए थे।