Coronavirus: शक्ति कपूर ने सुनाई इटली के बुजुर्ग की दर्दभरी कहानी, फिर खुद भी हुए इमोशनल
Coronavirus कोरोना वायरस के डर के बीच इटली के कोरोना सर्वाइवर की कहानी शेयर की है जो अब चर्चा में हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। पूरी दुनिया कोरोना वायरस का कहर झेल रही है, जिसमें इटली, स्पेन जैसे देशों में इसकी मार काफी ज्यादा रही है। भारत में भी कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और पूरा देश इसे रोकने के लिए कदम उठा रहा है। बॉलीवुड सेलेब्स भी आर्थिक सहायता देने के साथ ही लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं। इसी बीच शक्ति कपूर ने भी वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो इटली के एक सर्वाइवर की कहानी बताते हुए लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने अपने एक वीडियो में इटली के 93 साल के कोरोना सर्वाइकर की कहानी बताई और वो कहानी शेयर करते हुए भावुक भी हो गए। अब शक्ति कपूर के इस वीडियो को काफी शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में शक्ति कपूर कहानी बताते हुए कहते हैं, 'इटली के अंदर एक 93 साल का बुजुर्ग जब ठीक होकर अस्पताल से निकल रहा था। तभी डॉक्टर ने कहा आपको एक दिन का वेंटिलेटर का बिल देना है 5 हजार रुपये। इसके बाद उस बुजुर्ग की आंखों में पानी आ गया।'
आगे की कहानी में शक्ति कपूर बताते हैं, 'डॉक्टर ने कहा, क्या हो गया आपके पास पैसा नहीं है। फिर बुजुर्ग ने कहा- पैसा मेरे पास बहुत है लेकिन आज एक बात का एहसास हो गया कि मुझे भगवान का कितना बड़ा बिल देना है। जिसने सारी जिंदगी मुझे फ्री में सांस लेने का मौका दिया। आज देखो वेंटिलेटर के लिए मुझे सांस लेने के लिए भी पेमेंट देनी पड़ रही है।' यह कहानी बताते हुए शक्ति कपूर भावुक से नजर आते हैं।
शक्ति कपूर मे कहानी सुनाने के बाद आगे कहा, 'ये बात मेरे दिल में बैठ गई है। हमने कभी सोचा नहीं। सिर्फ अस्पताल के चक्कर लगाते हैं, फिर सोचते हैं। इसलिए अपना ध्यान रखें, घर में रहें और जिंदगी की कीमत समझें।' शक्ति कपूर के इस वीडियो के बाद लोग शक्ति कपूर की तारीफ कर रहे हैं और उनकी बात से सहमत भी नजर भी आ रहे हैं।