'सूरमा' से चित्रांगदा सिंह बनीं प्रोड्यूसर, बताया क्यों चुना ये 'सब्जेक्ट'
चित्रांगदा कहती हैं कि यह उनकी बचपन से ही आदत रही ही कि वह कभी चुपचाप या खाली नहीं बैठ सकतीं। वह कुछ नया करती या सीखती ही रहती हैं।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। चित्रांगदा सिंह इन दिनों काफी व्यस्त हैं। वो एक्ट्रेस के साथ-साथ प्रोड्यूसर की ज़िम्मेदारी भी संभाल रही हैं। साहेब बीवी और गैंगस्टर 3 और बाज़ार की वो नायिका हैं तो सूरमा की निर्मात्री। इसके अलावा वह ज़ी टीवी के शो डी अाई डी लिटिल चैंप्स में भी जज की भूमिका में नज़र आने जा रही हैं।
चित्रा, हॉकी प्लेयर संदीप सिंह की बायोपिक फ़िल्म सूरमा का निर्माण कर रही हैं, जिसमें दिलजीत दोसांझ और तापसी पन्नू मुख्य भूमिकाओं में हैं। चित्रांगदा कहती हैं कि उन्होंने हमेशा अपने काम में चुनिंदा प्रोजेक्ट्स को ही किया है। यही वजह है कि अब जबकि वह प्रोड्यूसर भी बनी हैं तो उन्होंने ऐसे ही सब्जेक्ट को चुनना सही माना, जिन पर उन्हें भरोसा था। चित्रांगदा बताती हैं कि उन्होंने खुद संदीप सिंह से मुलाकात की थी, उसके बाद उन्होंने महसूस किया था कि किस तरह से उनकी कहानी एक इंस्पायरिंग कहानी है और लोगों तक उनकी कहानी पहुंचनी ही चाहिए। सो उन्होंने इस पर फ़िल्म बनाने का निर्णय लिया। साथ ही उन्होंने दिलजीत की कई फ़िल्में भी देख रखी थीं तो उन्हें लगा कि दिलजीत उनके किरदार में फिट बैठेंगे।
चित्रांगदा कहती हैं कि यह उनकी बचपन से ही आदत रही ही कि वह कभी चुपचाप या खाली नहीं बैठ सकतीं। वह कुछ नया करती या सीखती ही रहती हैं। इसलिए उन्होंने तय किया कि वह प्रोड्यूसर बनेंगी और उन्हें कुछ नया सीखना था। सैफ़ अली ख़ान के साथ फ़िल्म बाज़ार के बारे में अपने काम करने के अनुभव के बारे में वह कहती हैं कि सैफ़ का सेंस ऑफ ह्यूमर कमाल का है। उन्होंने अब तक जितने लोगों के साथ भी काम किया है। सैफ़ के काम करने का अंदाज़ उन्हें काफी अच्छा और अलग लगा।
वह सेट पर काफी खुशनुमा माहौल बना कर रखते थे। चित्रांगदा ने कहा है कि वह खुद बच्चों के डांसिंग शोज़ देखती रही हैं और इसलिए उन्होंने इस शो को हां कहा है। उन्हें खुद डांसिंग से बहुत लगाव रहा है।