Luv Ranjan में रणबीर कपूर के पैरेंट्स बनेंगे बोनी कपूर और डिंपल कपाड़िया! एक्टर ने शुरू की शूटिंग
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों आलिया भट्ट संग अपने रिलेशनशिप के अलावा अपनी फिल्मों को लेकर भी चर्चा में हैं। रणबीर इन दिनों उनकी अपकमिंग मूवी ‘लव रंजन’ की शूटिंग के सिलसिले में नोएडा पहुंचे हुए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों आलिया भट्ट संग अपने रिलेशनशिप को लेकर काफी चर्चा में हैं। इसके अलावा रणबीर अपनी फिल्मों को लेकर भी खबरों में हैं। रणबीर इन दिनों अपनी अपकमिंग मूवी ‘लव रंजन’ की शूटिंग के सिलसिले में नोएडा पहुंचे हुए हैं। इस फिल्म में वो बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर के साथ नज़र आएंगे। ये पहली बार होगा जब श्रद्धा और रणबीर साथ में स्क्रीन शेयर करेंगे। अब इन सारी खबरों के बीच एक्टर की फिल्म से जुड़ी एक और जानकारी सामने आ रही है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक, फिल्म में रणबीर और श्रद्धा कपूर के साथ, बोनी कपूर और डिंपल कपाड़िया भी नज़र आने वाले हैं। बोनी और डिंपल, रणबीर के पैरेंट्स का रोल निभाएंगे। बोनी कूपर फिल्म में एक रईस पिता बनेंगे। खबर के मुताबिक, डायरेक्टर बोनी कपूर को ही इस रोल के लिए चाहते थे, हालांकि जब बोनी कपूर के सामने ये रोल ऑफर किया गया तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद फिल्म के डायरेक्टर लव ने अर्जुन कपूर, अंशुला, जाह्नवी कपूर और खुशी को बोनी कपूर को मनाने के लिए कहा, और आखिरकार बोनी कपूर इस रोल के लिए मान गए।
आपको बता दें कि बोनी कपूर ने हाल ही में अनिल कपूर की फिल्म 'एके वर्सेज़ एके' से एक्टिंग की दुनिया में डेब्यू किया है। हालांकि ये फिल्म बड़े पर्दे पर नहीं बल्कि ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई थी। वहीं रणबीर कपूर की बात करें तो 'लव रंजन' के अलावा एक्टर 'एनीमल' और 'ब्रह्मास्त्र' फिल्म में नज़र आने वाले हैं। एनीमल में रणबीर के साथ अनिल कपूर भी नज़र आएंगे जिसका एक प्रोमो हाल ही में रिलीज़ किया गया है। तो वहीं 'ब्रह्मास्त्र' वो अपनी गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन के साथ दिखाई देंगे। दोनों फिल्मों की रिलीज़ डेट का अभी तक ऐलान नहीं किया गया है।