रणवीर की 'जयेशभाई जोरदार' में हुई इस एक्टर की एंट्री, जानें कौन निभाएगा उनके पिता का किरदार
रणवीर सिंह की फिल्म जयेशभाई जोरदार एक गुजराती पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म के लेखक और निर्देशक दिव्यांग ठाकुर हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह जल्द ही फिल्म '83' में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। फिल्म '83' के अलावा रणवीर सिंह अपनी एक और फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में फिल्म की एक्ट्रेस को लेकर खबरें सामने आई थीं। वहीं अब फिल्म में एक और एक्टर की एंट्री को लेकर खबरें आ रही हैं। फिल्म में रणवीर के पिता का रोल निभाने के लिए मेकर्स को एक्टर मिल गया है। आइए जानते हैं कौन है वो...
रणवीर की फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' में उनके पिता का रोल निभाने के लिए एक एक्टर को साइन कर लिया गया है। ये एक्टर कोई और नहीं बल्कि बॉलीवुड के दमदार अभिनेता बोमन ईरानी हैं। बता दें कि लंबे समय से पिता के रोल के लिए एक्टर की तलाश की जा रही थी। वहीं अब फाइनली बोमन ईरानी को इस फिल्म में रणवीर सिंह के पिता का किरदार निभाने के लिए साइन का लिया गया है।
बोमन ने अपने रोल को लेकर कहा, 'जयेशभाई जोरदार' की स्क्रिप्ट दुर्लभ है जो एक शानदार और जीवंत कहानी को बयां करती है। इस फिल्म में संदेश बेहद हास्यात्मक और मनोरंजक तरीके से पेश किया गया है।' बोमन ने रणवीर के साथ '83' में भी काम किया है। इस फिल्म में रणवीर सिंह क्रिकेटर की भूमिका में नजर आने वाले हैं। ये फिल्म कपिल देव के जीवन पर बनी बायोपिक है। इस मूवी के डायरेक्टर कबीर खान हैं। वहीं ये फिल्म 10 अप्रेल, 2020 को रिलीज होगी।
आपको बता दें कि रणवीर की फिल्म 'जयेशभाई जोरदार' एक गुजराती पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है। इस फिल्म के लेखक और निर्देशक दिव्यांग ठाकुर हैं। फिल्म में साउथ की सुपरहिट मूवी 'अर्जुन रेड्डी' फेम एक्ट्रेस शालिनी पांडे लीड रोल में हैं। इसी फिल्म के साथ शालिनी बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म यशराज बैनर के तले बनी रही है।