Move to Jagran APP

बॉलीवुड कभी ऐसे मनाता था होली, राजकपूर से बच्चन तक रंग जाते एक रंग में

श्रीदेवी के निधन के चलते इस बार सितारे होली नहीं मनाएंगे।

By Manoj KhadilkarEdited By: Published: Thu, 01 Mar 2018 08:20 PM (IST)Updated: Fri, 02 Mar 2018 11:28 AM (IST)
बॉलीवुड कभी ऐसे मनाता था होली, राजकपूर से बच्चन तक रंग जाते एक रंग में
बॉलीवुड कभी ऐसे मनाता था होली, राजकपूर से बच्चन तक रंग जाते एक रंग में

मुंबई। होली आते ही जैसे आम आदमी की बांछे खिल जाती हैं ठीक वैसे ही बॉलीवुड के सितारों पर भी मस्ती का ऐसा रंग छा जाता है कि आप सोच भी नहीं सकते कि मस्ती किस हद तक पहुंच जाती है। फिल्मी सितारों का होली का अपना इतिहास है लेकिन इस साल आपको बॉलीवुड में होली के वो रंग देखने नहीं मिलेंगे। श्रीदेवी के निधन के चलते इस बार सितारे होली नहीं मनाएंगे।

loksabha election banner

बॉलीवुड में राज कपूर की होली आज भले ही इतिहास हो लेकिन ऐतिहासिक रही है। ऐसा नहीं है कि फिल्म वाले सिर्फ दर्शको को रिझाने के लिए फिल्मो में होली का सहारा लेते थे। असल जिंदगी में भी होली फिल्म वालो के लिए ऐसा त्यौहार रहा है जब वो अपना स्टारडम छोड़ कर हर रंग में रंग जाते थे। एक ज़माना था जब बॉलीवुड में होली का मतलब, राज कपूर के आरके स्टूडियो की होली होता था। राज कपूर के पिता पृथ्वीराज कपूर शुरू में अपने थियेटर के लोगों के संग होली मनाते थे जिसे राज कपूर ने फेमस बना दिया। साल 1952 से ही आर के स्टूडियो में जम कर होली होती थी। एक बड़े टैंक में रंग और दूसरे में भंग तैयार किए जाते थे और हर आने वाले को उन दोनों से सराबोर किया जाता था। बताते हैं कि हर आने वाले का पहला स्वागत रंग भरे टैंक में डुबकी लगावा कर किया जाता । जो ज्यादा ना नुकुर करता उसे जबर्दस्ती उठाकर टैंक में पटक दिया जाता ।

कहते हैं एक बार बैजयंतीमाला बाली ने आर के स्टूडियो आ कर भी होली खेलने में आनाकानी की, तो उन्हें उस रंग भरे टैंक में सात बार डुबकियां लगवाई दी गईं। राजकपूर की होली में उस ज़माने का हर छोटा बड़ा सितारा शामिल होना अपनी शान समझता था। सिर्फ देव आनंद नहीं आते थे क्योंकि उन्हें रंगों से परहेज था। रंगों के साथ जम कर गीत संगीत और हंसी -ठिठोली भी चलती। शंकर जयकिशन जैसे बड़े संगीतकार होली गीतों की महफ़िल जमाते और मशहूर नृत्यांगना सितारा देवी और बैजयंतीमाला बाली का अपने क्लासिकल डांस का हुनर दिखाते। मुंह में सिगरेट दबा कर राजकपूर जब ढोलक पर थाप देना शुरू करते तो नज़ारा देखते ही बनता था। होली के हुडदंग में कोई भूखा ना चला जाए इसकी जिम्मेदारी नर्गिस पर हुआ करती थी। उनकी धाक ऐसी रहती कि भांग की मस्ती होने के बाद हर कोई बिना पेट भर खाये आर के से बाहर नहीं निकलता था। राजकपूर की होली को एक ज़माने में ' भांग और फूड ' फेस्टिवल भी कहा जाता था।

कहते हैं कि 70 के दशक की शुरुआत में फिल्में पिटने के कारण आर के होली फीकी हो गई थी लेकिन बॉबी के हिट होते ही कपूर्स फिर फॉर्म में आ गए। उस दौर में बॉलीवुड का हर सितारा पूरे साल होली का इन्तजार करता ताकि उसे उस दिन आर के स्टूडियो में घुसने का मौक़ा मिल जाए। हर होली को कुछ किन्नर राजकपूर से होली की त्यौहारी मांगने आते। खूब नाच गाना होता और राजकपूर अपनी नई फिल्म का गाना सबसे पहले उन्हीं को सुनाते। कहते हैं ' राम तेरी गंगा मैली का गाना ' सुन साहिबा सुन ' होली के मौके पर किन्नरों ने ही पास किया था। राज कपूर की बीमारी और निधन के साथ इस होली का रंग फीका पड़ता गया और बाद में आरके की मशहूर होली बंद हो गई।

राज कपूर के बाद होली का मजमा अमिताभ बच्चन के प्रतीक्षा में भी लगने लगा था। घर के गार्डन में हर दौर के सितारे मौजूद रहते और खूब होली खेली जाती। बच्चन भी होलियाना हो जाते। छोरा गंगा किनारे वाला पूरे रंग में होता। 'रंग बरसे' गूंजे बिना प्रतीक्षा की होली पूरी नहीं होती थी। अमिताभ बच्चन की होली परम्परा पिता के निधन के बाद से ख़त्म हो गई।

सुभाष घई भी किसी समय अपने मड आयलैंड के बंगले में सितारों के संग जमकर होली मनाते थे लेकिन अब वो दौर भी ख़त्म हो गया। इसी दौर में यश चोपड़ा की यशराज स्टूडियो की होली भी फेमस हुई थी।

मुंबई में अब फ़िल्मी सितारे सिर्फ अपने करीबियों के साथ होली खेलते हैं। शबाना आजमी और जावेद अख्तर होली हाल के वर्षों में काफी फेमस रही है।

यह भी पढ़ें: सितारों की होली: इसी दिन पैदा हुआ था ये 'राजा', जलेबी जैसी 'सीधी' हो जाती रानी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.