Move to Jagran APP

Shakti Kapoor Birthday: आसान नहीं था शक्ति कपूर का बॉलीवुड सफर, यहां जानें उनके जिंदगी से जुड़ी दिलचस्प बातें

बॉलीवुड के क्राइम मास्टर गोगो यानी एक्टर शक्ति कपूर 3 सितम्बर को अपना जन्मदिन मनाने वाले हैं। मिडिल क्लास फैमिली से लेकर उनका बॉलीवुड तक का सफर बिल्कुल भी आसान नहीं था। इसके बावजूद भी उन्होंने 700 से ज्यादा फिल्मों में काम किया और फिल्मफेयर पुरस्कार भी जीता। चलिए अब जानते हैं अभिनेता के जीवन से जुड़ी कई दिलचस्प बातें।

By Jagran NewsEdited By: Jagran News NetworkPublished: Fri, 01 Sep 2023 10:33 PM (IST)Updated: Fri, 01 Sep 2023 10:33 PM (IST)
शक्ति कपूर से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।

नई दिल्ली, जेएनएन। 'नंदू सबका बंधू', 'आउ' या 'क्राइम मास्टर गोगो' जैसे लोकप्रिय डायलॉग बॉलीवुड के एक एक्टर के नाम है, वो है 'शक्ति कपूर।' बॉलीवुड के चहेते विलन हो या कॉमिक टाइमिंग के बादशाह, शक्ति कपूर एक बहुत ही वर्सटाइल अभिनेताओं में से एक रहे हैं। वो 3 सितम्बर को अपना जन्मदिन मनाने वाले हैं, ऐसे में हम यहां उनकी जिंदगी से जुड़ी कुछ रोचक जानकारियां लेकर आए हैं।

loksabha election banner

शक्ति कपूर नहीं है एक्टर का असली नाम

‘शक्ति कपूर’ का असली नाम शायद ही कोई जानता होगा। बता दें, शक्ति कपूर का ऑरिजिनल नाम ‘सुनील सिकंदरलाल कपूर’ है। हालांकि, फिल्म मेकर सुनील दत्त को एक विलेन के तौर पर यह नाम ज्यादा जचा नहीं, तो उन्होंने उनको ‘शक्ति कपूर’ का नाम दे दिया।

मिडल क्लास फैमिली से थे शक्ति

शक्ति कपूर एक मिडल क्लास फैमिली से थे, उनके पिता की दिल्ली के कनौट प्लेस में एक टेलर शॉप थी। वो एक पंजाबी परिवार से थे और उनकी मां एक हाउसवाइफ थी। शक्ति कपूर अपने परिवार में दूसरे सबसे बड़े हैं। उनकी एक बहन है, जिनका नाम रेनू है और दो भाई हैं जिनका नाम रम्मी और परवीन है।

दिल्ली विश्वविद्यालय से की ग्रेजुएशन

दिल्ली में होली चाइल्ड, फ्रैंक एंथोनी पब्लिक स्कूल और सावन पब्लिक स्कूल से उन्होंने अपनी पढ़ाई की। दिल्ली विश्वविद्यालय से कॉमर्स में स्नातक की डिग्री पूरी करने के बाद, वह भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (FTII-Film and Television Institute of India) में गए।

इस फिल्म से की करियर की शुरुआत

शक्ति कपूर को संजय दत्त की पहली फिल्म ‘रॉकी’ में सुनील दत्त द्वारा खलनायक के रूप में पहली भूमिका की पेशकश की गई थी। शक्ति कपूर को फिल्म ‘रॉकी’ और ‘क़ुर्बानी’ से ही पहचान मिली थी। उसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और फिर एक के बाद एक हिट फिल्में जैसे - ‘हीरो’, ‘हिम्मतवाला’ दी।

700 से ज्यादा फिल्मों में किया काम

शक्ति कपूर ने लगभग 700 से भी अधिक फिल्में की हैं। वह असमिया और उड़िया फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कुछ बंगाली फिल्मों में भी अभिनय किया है और मैरिज दा गैरेज नामक पंजाबी फिल्म में भी काम किया है।

कई नेगेटिव किरदार निभाने के बाद, शक्ति कपूर धीरे-धीरे एक लोकप्रिय हास्य कलाकार बन गए और डेविड धवन की फिल्म, राजा बाबू में नंदू की भूमिका के लिए अपना पहला फिल्मफेयर पुरस्कार जीता।

वहीं, उन्होंने कादर खान के साथ 100 से भी अधिक फिल्मों में काम किया है। इन फिल्मों में कॉमिक और विलेन दोनों तरह के ही किरदार शामिल हैं।

भागकर की थी शादी

शक्ति कपूर की शादी शिवांगी कोल्हापुरी से हुई है। उनकी पत्नी लोकप्रिय अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरी की छोटी बहन हैं। उनकी शादी साल 1982 में हुई थी। मिथुन चक्रवर्ती अभिनीत फिल्म किस्मत के सेट पर शक्ति की मुलाकात शिवांगी से हुई और दोनों ने जल्द ही डेटिंग शुरू कर दी।

एक इंटरव्यू में, शक्ति ने यह बताया था कि कैसे एक खलनायक के रूप में उनकी इमेज के कारण उनके परिवार ने उनकी शादी पर आपत्ति जताई थी। इस तरह, दोनों लवबर्ड्स ने भागकर शादी कर ली थी।

शक्ति और शिवांगी के दो बच्चे हैं, श्रद्धा कपूर और सिद्धांत कपूर। श्रद्धा एक प्रसिद्ध बॉलीवुड स्टार हैं, जबकि उनके बेटे ने कई फिल्मों में सहायक निर्देशक के रूप में अपना करियर शुरू किया, जिनमें 'भूल भुलैया', 'भागम भाग', 'चुप चुप' के और 'ढोल' शामिल हैं।

बाद में, उन्होंने 'शूटआउट एट वडाला' और 'अग्ली' जैसी फिल्मों में अभिनय में अपना हाथ आजमाया। सिद्धांत कपूर ने 'भौकाल' नाम के एक वेब सीरीज में भी अपने एक्टिंग का जलवा दिखाया है।

विवादों में भी रहे शक्ति कपूर

शक्ति कपूर का नाम कई बार विवादों से भी जुड़ चुका है। साल 2011 में उन्होंने कलर्स टीवी पर प्रसारित प्रसिद्ध रियलिटी टीवी शो बिग बॉस में भी भाग लिया था।

सोशल मीडिया रहते हैं एक्टिव

शक्ति कपूर सोशल मीडिया में भी काफी एक्टिव रहते हैं। वो आए दिन वहां कुछ न कुछ पोस्ट डालते रहते हैं। ज्यादातर वो अपने पुराने दिनों के पोस्ट शेयर करते हुए नजर आते हैं।

तो ये थे शक्ति कपूर से जुड़ी कुछ ऐसी बातें जो शायद ही ज्यादा लोगों को पता होगी। शक्ति कपूर की जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आएं, लेकिन उन्होंने हर मुश्किल का बड़ी ही बेहतरीन तरीके से सामना किया। आज शक्ति बॉलीवुड का एक बड़ा नाम है, खासकर उनकी कॉमिक टाइमिंग के लोग आज भी दीवाने हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.