दिनेश लाल यादव ने लाइव चैट में किया खुलासा, करिश्मा कपूर की वजह से मिली थी सजा
निरहुआ ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं। उनकी जोड़ी लगभग सभी एक्ट्रेसेस संग पर्दे पर देखी जा चुकी है।
नई दिल्ली, जेएनएन। भोजपुरी सिनेमा के जुबली स्टार दिनेश लाला यादव निरहुआ सुपरस्टार्स की लिस्ट में शामिल हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री के हिट स्टार निरहुआ ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दी हैं। उनकी जोड़ी लगभग सभी एक्ट्रेसेस संग पर्दे पर देखी जा चुकी है। लेकिन सबसे ज्यादा उन्हें हॉट एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के साथ पसंद किया जाता है।
इनदिनों लॉकडाउन के चलते सभी स्टार्स शूटिंग बंद करके अपने घरों में फैमिली के साथ वक्त बिता रहे हैं। वह सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ जुड़े हुए हैं। वहीं हाल ही में दिनेश लाल यादव भी फैंस से रूबरू होने के लिए लाइव आए। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर से जुड़ा अपना एक दिलचस्प किस्सा फैंस के साथ शेयर किया। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लाइव चैट के दौरान निरहुआ ने अपनी फेवरेट एक्ट्रेस के बारे में बात करते हुए बताया कि उन्हें शुरू से ही बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर काफी पसंद थी। वह उनकी हर फिल्म फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखते थे। वह उनकी एक भी देखना नहीं छोड़ते थे। निरहुआ करिश्मा कपूर के लिए इतने दीवाने थे कि एक बार उन्हें इसके लिए बड़ी सजा भी मिली थी।
लाइव चैट में निरहुआ ने एक घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'मैं एनसीसी कैंप में था। तभी मुझे पता चला कि करिश्मा कपूर की फिल्म रिलीज हो रही है। मुझे लगा आज तो मेरा रिकॉर्ड टूट जाएगा। लेकिन, फिर मैंने एक तरकीब सोची और गार्ड से जरूरी काम का कहा। जिसपर मुझे 1 घंटे की छुट्टी मिल गई। कैंप से निकलने के बाद मैं फिल्म देखने चला गया. वापस आते-आते काफी देर हो गई। जिसके चलते कैंप के लोग टेंशन में आ गए।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब मैं लौट कर आया तो देखा कि सभी से पूछा जा रहा था कि वो कहा है। वहीं 'मेरे वापस आने पर मुझसे पूछा गया कि मैं कहां गया था, इस पर मैंने सच बता दिया और उन्हें बताया कि मैं करिश्मा कपूर की फिल्म देखने गया था। मेरा रिकॉर्ड टूट जाता अगर मैं आज फिल्म देखने नहीं जाता। इस पर मुझे सजा देते हुए गार्ड ने पुशअप मारने को कहा और मैंने उनकी बात मान ली।'