'ले लैबे जम्मू-कश्मीर में जमीन': आर्टिकल 370 हटने पर भोजपुरी में बने ऐसे कई गाने
जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटाए जाने के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में भी इस फैसले को लेकर कई गाने रिलीज हो गए हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 हटने के बाद से लोगों में जश्न का माहौल है। देश की जनता इस फैसले का समर्थन कर रही है और भारत सरकार की तारीफ कर रही है। भोजपुरी इंडस्ट्री ने तो अलग तरीके से केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा किया है। भोजपुरी इंडस्ट्री में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की तारीफ में कई गाने रिलीज हो गए हैं।
जी हां, भोजपुरी इंडस्ट्री के लोग गानों के जरिए इसकी तारीफ कर रहे हैं और कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने का समर्थन कर रहे हैं। ऐसे में एक दो नहीं बल्कि कई गाने रिलीज हो चुके हैं, जिसमें गायक सिर्फ ऑडियो या वीडियो के माध्यम से इस फैसले का समर्थन कर रहे हैं।
यूट्यूब पर ये भोजपुरी गाने धमाल मचा रहे हैं और 'हट गईल धारा 370', 'मोदी जी के बधाई' और 'अब लहरी तिरंगा काश्मीर में' गाने लोगों को खूब पसंद आ रहे हैं। वहीं लोग इन्हें काफी शेयर कर रहे हैं और कई गानों को लाखों व्यूज भी मिल चुके हैं। ऐसा पहली बार नहीं है कि किसी सामाजिक मुद्दे पर भोजपुरी गाने बनाए गए हैं। इससे पहले नोटबंदी और जीएसटी के वक्त भी भोजपुरी इंडस्ट्री में कई गाने रिलीज हुए थे।
बता दें कि भारत सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटा दी है। सरकार के इस फैसले के साथ ही जम्मू-कश्मीर से राज्य में लागू 35ए (विशेष नागरिकता अधिकार) भी खत्म हो गया है। वहीं अब जम्मू कश्मीर एक राज्य नहीं रहा है, बल्कि इसे दो भागों में बांट दिया है, जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल है। साथ ही इन दोनों हिस्सों को केंद्र शासित प्रदेश घोषित किया गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप