Top 5 Opening Weekend: 'गुड न्यूज़' से पहले जानिए 2019 के 5 टॉप ओपनिंग वीकेंड, चौंकाने वाली है लिस्ट
Top 5 Opening Weekend Collections of 2019 इस रिपोर्ट में साल 2019 में रिलीज़ हुई फ़िल्मों के ओपनिंग वीकेंड की 3 और 5 दिनों की दो लिस्टें तैयार की गयी हैं।
नई दिल्ली, जेएनएन। साल 2019 में कई फ़िल्मों ने बॉक्स ऑफ़िस पर बेहद शानदार प्रदर्शन किया। रितिक रोशन की वॉर, अक्षय कुमार की मिशन मंगल और हाउसफुल 4, सलमान ख़ान की दबंग 3 और भारत, शाहिद कपूर की कबीर सिंह ने बॉक्स ऑफ़िस पर कामयाबी की नई इबारत लिखी। ऐसे में देखते हैं कि साल 2019 की टॉप 5 ओपनिंग वीकेंड कलेक्शन करने वाली फ़िल्में कौन सी हैं।
आम तौर पर ओपनिंग वीकेंड 3 दिनों का होता है। शुक्रवार को फ़िल्म की रिलीज़ के साथ ओपनिंग वीकेंड शुरू होता है और रविवार को ख़त्म हो जाता है। मगर, कई दफ़ा किसी त्योहारी या सार्वजनिक छुट्टी का फ़ायदा उठाने के लिए फ़िल्मों को शुक्रवार से पहले भी रिलीज़ कर दिया जाता है। उस स्थिति में ओपनिंग वीकेंड की लम्बाई बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में ओपनिग वीकेंड 4-5 दिन का हो जाता है।
इस गणित के हिसाब से देखें तो बॉलीवुड फ़िल्मों के ओपनिंग वीकेंड अमूमन 3-5 दिनों के हो सकते हैं। इसीलिए हमने इस रिपोर्ट में साल 2019 में रिलीज़ हुई फ़िल्मों के ओपनिंग वीकेंड की दो लिस्टें तैयार की हैं। एक लिस्ट में ओपनिंग वीकेंड 3 दिनों का है, जबकि दूसरी लिस्ट में ओपनिंग वीकेंड 5 दिनों का है। आइए, इन दोनों लिस्टों के आधार पर समझने की कोशिश करते हैं कि साल 2019 की टॉप 5 फ़िल्में कौन सी हैं।
साल 2019 की Top 5 Opening Weekend Collection करने वाली फ़िल्मों की लिस्ट इस प्रकार है-
- वॉर- 166.25 करोड़ (5 दिन)- बुधवार को रिलीज़
- भारत- 150.10 करोड़ (5 दिन)- बुधवार को रिलीज़
- मिशन मंगल- 97.56 करोड़ (4 दिन)- गुरुवार को रिलीज़
- दबंग 3- 81.15 करोड़ (3 दिन)- शुक्रवार को रिलीज़
- साहो- 79.08 करोड़ (4 दिन)- गुरुवार को रिलीज़
उपरोक्त लिस्ट से साफ़ है कि पहले स्थान पर रितिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की वॉर है, जबकि दूसरे और चौथे स्थानों पर सलमान ख़ान की भारत और दबंग 3 हैं। वहीं, तीसरे स्थान पर अक्षय कुमार की मिशन मंगल है, जबकि पांचवें स्थान पर प्रभास की साहो है। अब अगर सिर्फ़ 3 दिनों के कलेक्शंस के हिसाब से टॉप 5 फ़िल्मों की लिस्ट बनाएं तो इस प्रकार आती है-
- वॉर- 100.15 करोड़
- भारत- 95.50 करोड़
- दबंग 3- 81.15 करोड़
- साहो- 79.08 करोड़
- केसरी- 78.07 करोड़
इस लिस्ट में आप देख सकते हैं कि रितिक-टाइगर की वॉर और सलमान ख़ान की भारत पहले और दूसरे स्थानों पर हैं। मगर, अक्षय कुमार की मिशन मंगल इससे आउट हो गयी है, जबकि केसरी पांचवें स्थान पर आ गयी है।