'बाजीराव मस्तानी' आैर 'दिलवाले' के विरोध में देश भर में प्रदर्शन जारी
'दिलवाले' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी दो बड़ी फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर टक्कर को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाओं का बाजार गर्म था। मगर रिलीज से ठीक पहले विरोध के जोरदार स्वर फूट पड़े हैं। एक तरफ आज दोनों ही फिल्में रिलीज हुई हैं, वहीं दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार,
पुणे/नई दिल्ली। 'दिलवाले' और 'बाजीराव मस्तानी' जैसी दो बड़ी फिल्मों की बॉक्स ऑफिस पर टक्कर को लेकर पिछले काफी समय से चर्चाओं का बाजार गर्म था। मगर रिलीज से ठीक पहले विरोध के जोरदार स्वर फूट पड़े हैं। एक तरफ आज दोनों ही फिल्में रिलीज हुई हैं, वहीं दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे देश के कई बड़े राज्यों में विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। लोग इन फिल्मों के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं और जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं कई जगहों पर पुतले भी फुंके जा रहे हैं।
पुणे में तो भाजपा के विरोध के बाद सिटी प्राइड थियेटर में 'बाजीराव मस्तानी' के तीन शो को रद कर दिया गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इस फिल्म का विरोध किया और थियेटर के सामने नारेबाजी की।
भाजपा सांसद अनिल शिरोले ने कहा कि इतिहास के साथ किसी तरह का छेड़छाड़ नहीं होना चाहिए। तथ्यों को तोड़ मरोड़ कर पेश नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बाजीराव को जिस तरीके से फिल्म में पेश किया गया है, उससे मराठी अस्मिता को चोट पहुंचती है। शिरोले ने कहा कि मराठा इतिहास में बाजीराव की एक प्रमुख भूमिका रही है। जनमानस उन्हें देवतुल्य मानता है, लेकिन जिस तरह से फिल्म में कुछ संवाद हैं उससे न केवल बाजीराव की गरिमा को ठेस पहुंची है बल्कि आम मराठी जनमानस आहत हुआ है।
फिल्म रिव्यू: बाजीराव मस्तानी (4 स्टार)
गौरतलब है कि 'बाजीराव मस्तानी' की रिलीज से पहले भी मस्तानी को लेकर कई संगठनों ने विरोध किया था। इस फिल्म में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं। संजय लीला भंसाली ने इसे निर्देशित किया है।
'दिलवाले' भी निशाने पर
शाहरुख खान की बहुप्रतिक्षित फिल्म 'दिलवाले' का भी लोग विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। मध्य प्रदेश के जबलपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने इस फिल्म का विरोध किया। वहीं दिल्ली-एनसीआर में भी थिएटरों के बाहर इस फिल्म के खिलाफ नारेबाजी जारी है। लोगों में शाहरुख खान के बयान को लेकर खासी नाराजगी है।