'हमारी रिटायरमेंट की उम्र...' Arijit Singh के संन्यास पर बोले Babul Supriyo, जल्द 2.0 वर्जन के साथ करेंगे वापसी
हिंदी सिनेमा को कई हिट गानों से सजाने वाले गायक बाबुल सुप्रियो संगीत और फिल्मों की दुनिया में वापसी कर चुके हैं। इसे वह बाबुल 2.0 वर्जन बताते हैं। हाल ही में गायक-संगीतकार शान द्वारा संगीतबद्ध उनका गाना ‘अंखियां’ जारी हुआ। बाबुल से बातचीत की दीपेश पांडेय ने...

बाबुल सुप्रियो शान के साथ लाए नया गाना (फोटो-इंस्टाग्राम)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
दीपेश पांडेय, मुंबई। हिंदी सिनेमा में हमने तुमको दिल ये दे दिया... और जीना सिर्फ मेरे लिए.. जैसे कई हिट गानों के गायक बाबुल सुप्रियो अब फिर संगीत और फिल्मों की दुनिया में वापसी कर चुके हैं। इस पारी को वह बाबुल 2.0 वर्जन बताते हैं। इस क्रम में हाल ही में गायक और संगीतकार शान द्वारा संगीतबद्ध उनका गाना अंखियां.. रिलीज हुआ। कला के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय बाबुल से उनके इस नए वर्जन, सफर और योजनाओं पर बातचीत की:
आप और शान एक बार फिर साथ आए, दोनों की दोस्ती की शुरुआत कैसे हुई?
हमारी दोस्ती की शुरुआत बहुत पहले हुई थी। शान के डैडी मानस मुखर्जी बहुत बेहतरीन संगीतकार थे और मम्मी सोनाली मुखर्जी भी बहुत अच्छा गाती थी। मैं स्टैंडर्ड चार्टर्ड (बैंक) की नौकरी छोड़कर यहां आया था, तो मेरे मम्मी-डैडी अक्सर मुझे वापस ले जाने के लिए यहां आते रहते थे। मुंबई के सनी स्टूडियो में रिकार्डिंग के दौरान मेरी मम्मी की मुलाकात शान की मम्मी से हुई। वहां उन्होंने मेरी मम्मी को समझाया। उसके बाद मैं शान से मिला था। फिर साल 1994 में चैनल वी के गाने क्यू फंक में हमने पहली बार साथ काम किया। फिर हम एक दूसरे को अच्छी तरह से जानने लगे।
-1771748884391.jpg)
यह भी पढ़ें- रिटायरमेंट के बाद Arijit Singh का पहला सिंगल रिलीज, YouTube पर मिले 1.5 मिलियन व्यूज
आल इंडिया रेडियो के लिए तो आपने बचपन से ही गाया था, तो वो राह कैसे पकड़ी?
मैंने छह-सात साल की उम्र से रेडियो के लिए गाना शुरू किया था। मेरे दादा जी बी एन सी बराल बहुत प्रख्यात गायक और संगीतकार थे। मैं उनसे गाने सीखता था। उस समय एक परीक्षा पास करने के बाद रेडियो में तीन महीने में एक प्रोग्राम करने का मौका मिलता था। उस परफार्मेंस के लिए दस-बारह रुपये का चेक आता था। पहले मैंने बच्चों के कार्यक्रम में गाना शुरू किया, जब साल 1975 में टीवी आया तो उसमें भी बच्चों के कार्यक्रम के लिए गाना शुरू किया। बड़ा होने के बाद 20-21 साल की उम्र में मैं गायक बनने कलकत्ता
(कोलकाता) से मुंबई आ गया।
बाबुल 2.0 में हम क्या क्या नई चीजें देखेंगे?
बाबुल 2.0 में वो सारी चीजें करेंगे, जो 1.0 में नहीं हो पाया था या उसका चलन नहीं था। अब बहुत ऊंचे स्वर में गाना होता है, पहले ऐसा नहीं था। जिस तरह के गाने से हमने संगीत सीखा है, अब उससे काफी अलग जॉनर का संगीत बनने लगा है। बाबुल 2.0 मेरा एक अपग्रेडेड वर्जन है, जहां अब ज्यादा संगीत, शो और काम होगा।
अरिजीत सिंह भी बंगाल से हैं, प्लेबैक सिंगिंग से उनके संन्यास पर क्या कहेंगे?
अरिजीत ऐसे गायक हैं, जो चाहे या ना चाहे, संगीत की दुनिया में बने ही रहेंगे। मुझे यकीन है कि वह इतने गाने रिकार्ड कर चुके होंगे, जो अगले डेढ़-दो वर्षों तक आते ही रहेंगे। वो बहुत प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं, कुछ सोचकर ही यह निर्णय लिया होगा।
-1771748989771.jpg)
गायन के साथ आप अभिनय में सक्रिय हैं, उसकी क्या योजनाएं हैं?
बतौर अभिनेता मेरी हाल ही में एक बांग्ला फिल्म उत्सव की रात्रि डिजिटल प्लेटफार्म पर प्रदर्शित हुई है। उसमें मैंने लीड रोल निभाया है, साथ ही अपने लिए प्लेबैक सिंगिंग भी की है। अभिनय में मेरी बहुत दिलचस्पी है। बतौर हीरो मुझे तरुण मजूमदार ने साल 2007 में फिल्म चंदेर बारी से लांच किया था। जो काफी हिट हुई थी। आगे भी अगर अभिनय में मौका मिलेगा, तो मैं जरूर करूंगा। हमारी कोई रिटायरमेंट की उम्र नहीं होती, जब तक काम मिलेगा मैं करता रहूंगा।
बतौर सांस्कृतिक मंत्री पैन इंडिया फिल्मों के इस दौर में बांग्ला सिनेमा को किस तरह देखते हैं?
बांग्ला सिनेमा अच्छा काम कर रहा है। हालांकि, दक्षिण भारतीय सिनेमा में पैसे बहुत ज्यादा हैं। हर साल राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में आपको बांग्ला सिनेमा के निर्देशक और तकनीशियन दिखेंगे। हम कमर्शियल फिल्मों के साथ समानांतर फिल्में भी बना रहे हैं। बांग्ला सिनेमा हमेशा बहुत समृद्ध और विषयों को गहराई से दिखाता रहा है। बंगाल के थिएटर और सिनेमा ने कई मामलों में भारतीय सिनेमा को नए रास्ते दिखाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।