विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 09, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Box Office: चीन में बाहुबली का बुरा हाल, भारत में Avengers दमदार

By Manoj KhadilkarEdited By:
Published: Wed, 09 May 2018 12:23 PM (IST)Updated: Thu, 10 May 2018 11:57 AM (IST)

घरवाले भले ही विदेश जा कर कमजोर हो गए लेकिन फिरंगियों ने हमारे यहां आ कर बॉक्स ऑफ़िस की महफ़िल लूट ली है।

Box Office: चीन में बाहुबली का बुरा हाल, भारत में Avengers दमदार
Box Office: चीन में बाहुबली का बुरा हाल, भारत में Avengers दमदार

मुंबई। एक फिल्म जिसने भारत की धरती से जन्म लेकर दुनिया में अपने नाम का झंडा गाड़ा, वो बाहुबली चीन जा कर ‘बौना’ साबित हो गया है जबकि डेढ़ दर्जन काल्पनिक सुपरहीरोज़ लेकर आई हॉलीवुड की एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर भारत में लगातार अपनी कमाई का डंका बजा रही है।

एस एस राजमौली की बाहुबली - द कन्क्लूजन की चीन में हालत अच्छी नहीं है। ये किसी ने सोचा भी नहीं था लेकिन फिल्म ने चीन के बॉक्स ऑफ़िस पर पहले दिन से ही जो कलेक्शन हासिल किये वो बेहद ही निराशाजनक रहे हैं। ऐसा सिर्फ इसलिए कहा जा रहा है कि चीन में रिलीज़ हुई पिछली भारतीय फिल्मों का हाल बेहद ही अच्छा था लेकिन वर्ल्ड वाइड 1712 करोड़ रूपये कमाने वाली भारत के इस भव्यतम दृश्यात्मक तोहफ़े को चीन वाले इस कदर नकार देंगे ये कहते हुए भी निराशा और अचरज होता है। बहरहाल, चीन में पांचवे दिन फिल्म ने .82 मिलियन डॉलर पांच करोड़ 61 लाख रूपये का कलेक्शन किया। अब तक चीन से बाहुबली ने 9.38 मिलियन डॉलर यानि 63 करोड़ 19 लाख रूपये की कमाई की है। ये पर्याप्त नहीं है। वो भी तब जब दंगल, सीक्रेट सुपरस्टार, हिंदी मीडियम और बजरंगी भाईजान अब तक बाहुबली से कहीं आगे हो गई थीं। बाहुबली ने रविवार को 2.26 मिलियन डॉलर यानि 15 करोड़ 15 लाख रूपये का कलेक्शन किया। दूसरे दिन यानि शनिवार को भी फिल्म को सिर्फ 2.94 मिलियन डॉलर का कलेक्शन मिला था। फिल्म ने चीन में 2. 43 मिलियन डॉलर यानि 16 करोड़ 24 लाख रूपये से ओपनिंग ली थी। भारत में 510 करोड़ 99 लाख रूपये की कमाई करने वाली बाहुबली 2 ने पहले तीन दिन में भी कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए थे। फिल्म को चीन में 7000 से अधिक स्क्रीन्स में रिलीज़ किया गया लेकिन टिकटों की बिक्री में लगातार गिरावट दर्ज़ की गई है। साल 2017 में 28 मई को भारत में रिलीज़ हुई बाहुबली –द कन्क्लूजन में प्रभास, राना दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, राम्या शेट्टी और सत्यराज ने काम किया था।

 

घरवाले भले ही विदेश जा कर कमजोर हो गए लेकिन फिरंगियों ने हमारे यहां आ कर बॉक्स ऑफ़िस की महफ़िल लूट ली है। हॉलीवुड की फिल्म एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर अब भारत की सबसे अधिक कमाई करने वाली विदेशी फिल्म बन गई है। इस फिल्म ने द जंगल बुक का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रूसो ब्रदर्स के निर्देशन में बनी करीब डेढ़ दर्जन सुपरहीरोज़ से लैस 'एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर' ने मंगलवार को चार करोड़ 31 लाख रूपये की कमाई की और अब फिल्म का नेट इंडिया कलेक्शन 196 करोड़ 59 लाख रूपये ( 252 करोड़ चार लाख रूपये ग्रॉस) हो गया है। अभी अधिकृत आंकड़े आने बाकी है। भारत में अब तक कुछ ही हॉलीवुड फिल्मों ने अपनी धाक जमाई है और उसमें से आठ अप्रैल 2016 को भारत में रिलीज़ हुई जॉन फेवरेऊ के निर्देशन में बनी द जंगल बुक ने 187 करोड़ 40 लाख रूपये का कलेक्शन नंबर वन का स्थान हासिल किया था, जो टूट गया। एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर ने 31 करोड़ 30 लाख से ओपनिंग ली थी। रॉबर्ट डाउनी जूनियर, क्रिस हेम्सवर्थ, मार्क रुफालो, बेनेडिक्ट कम्बरबैच, सबस्टियन स्टान, क्रिस इवांस,स्कारलेट जोहेनसन और चैडविक बोसमैन जैसे बड़े सितारों से सजी ये फिल्म करीब 300 मिलियन डॉलर में बनाई गई और इसे भारत में 2000 से अधिक स्क्रीन्स में रिलीज़ किया गया।

यह भी पढ़ें: Box Office:भारत की धरती पर इस दिन से डायनासोर का कहर, अमेरिका से इतना पहले