Avengers Endgame Box Office: थम नहीं रहा क्रेज़, 3 हफ़्तों में ताबड़तोड़ कमाई
Avengers Endgame 21 Days Box Office कलंक (Kalank) और स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर 2 (Student Of The year 2) जैसी फ़िल्मों की रिलीज़ के बावजूद एवेंजर्स एंडगेम रेस में बनी हुई है।
मुंबई। Avengers Endgame Box Office एवेंजर्स एंडगेम ने रिलीज़ के 3 हफ़्ते पूरे कर लिये हैं और इस दौरान कमाई का नया इतिहास लिख दिया है। भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म की रफ़्तार धीमी हुई है, मगर थमी नहीं है। कलंक (Kalank) और स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर 2 (Student Of The year 2) जैसी फ़िल्मों की रिलीज़ के बावजूद एवेंजर्स एंडगेम रेस में बनी हुई है।
गुरुवार (16 मई) को Avengers Endgame का तीसरा हफ़्ता पूरा हो गया। तीसरे हफ़्ते में फ़िल्म का सफ़र देखें तो अभी भी इसके लिए लोगों में क्रेज़ बना हुआ है। नई हिंदी फ़िल्मों की रिलीज़ के बावजूद एवेंजर्स एंडगेम दर्शकों को आकर्षित कर रही है। फ़िल्म ने तीसरे शुक्रवार (10 मई) को लगभग ₹2.90 करोड़, शनिवार और बुधवार को ₹5.50 करोड़, सोमवार को ₹2.20 करोड़, मंगलवार को ₹2 करोड़, बुधवार को ₹3 करोड़ और गुरुवार को लगभग 4 करोड़ बटोरे। भारतीय बॉक्स ऑफ़िस पर फ़िल्म ने 21 दिनों में 360 करोड़ से अधिक जमा कर लिये हैं। 300 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली 'एवेंजर्स एंडगेम' पहली हॉलीवुड फ़िल्म है। फ़िल्म ने 10वें दिन यह मुकाम हासिल कर लिया था। बॉलीवुड की अभी सिर्फ़ 7 फ़िल्में इस क्लब में पहुंची हैं। इनमें आमिर ख़ान की 2 (पीके और दंगल), सलमान ख़ान की 3 (सुल्तान, बजरंगी भाईजान और टाइगर ज़िंदा है), रणबीर कपूर की एक (संजू) और रणवीर सिंह की एक (पद्मावत) फ़िल्म शामिल हैं।
Avengers Endgame के रिकॉर्ड
- ₹50 करोड़ की ओपनिंग ली।
- ₹100 करोड़ दो दिनों में जमा किये।
- ₹150 करोड़ तीन दिनों में बटोरे।
- ₹200 करोड़ का पड़ाव पांचवें दिन पार किया।
- ₹250 करोड़ सातवें दिन बटोरे।
- ₹300 करोड़ 10 दिनों में हासिल।
15वें दिन फ़िल्म आमिर ख़ान की 'पीके' (₹339.50 करोड़) और सलमान ख़ान की 'टाइगर ज़िंदा है' (₹339.16 करोड़) को पीछे छोड़ चुकी है। माना जा रहा है कि आज शनिवार को Avengers Endgame रणबीर कपूर की 'संजू' के ₹342.53 करोड़ के लाइफ़ टाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ देगी। इसके बाद एवेंजर्स एंडगेम के सामने सिर्फ़ दंगल की चुनौती रह जाएगी, जिसने ₹387 करोड़ का कलेक्शन किया था।
भारत में TOP 10 Hollywood Films
ट्रेड जानकार उम्मीद कर रहे हैं कि एवेंजर्स एंडगेम भारत में हॉलीवुड के लिए 400 करोड़ क्लब के दरवाज़े भी खोल सकती है। Top 10 Hollywood Movies In India की लिस्ट तैयार करें तो वो इस प्रकार आती है-
10. द अमेज़िंग स्पायडरमैन- ₹96 करोड़
9. स्पायडरमैन 3- ₹100 करोड़
8. 2012- ₹102 करोड़
7. एवेंजर्स- एज ऑफ़ अल्ट्रॉन- ₹111 करोड़
6. जुरासिक वर्ल्ड- ₹152 करोड़
5. अवतार- ₹145 करोड़
4. फ्यूरियस 7- ₹172 करोड़
3. जंगल बुक- ₹188 करोड़
2. एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर- ₹222.69 करोड़
1. एवेंजर्स एंडगेम- ₹360 करोड़
दूसरे हफ़्ते में कमाई
शुक्रवार (3 मई) को एवेंजर्स एंडगेम का दूसरा हफ़्ता शुरू हुआ था। दूसरे शुक्रवार को फ़िल्म ने कलेक्शन ₹12.50 करोड़ जमा किये थे। वहीं, दूसरे शनिवार (4 मई) को ₹18.30 करोड़ का कलेक्शन किया था, जबकि रविवार को ₹21.75 करोड़ का कलेक्शन किया था। दूसरे वीकेंड के बाद एवेंजर्स एंडगेम ने सोमवार को ₹8.25 करोड़, मंगलवार को ₹6.75 करोड़, बुधवार को ₹5.50 करोड़ और गुरुवार को ₹4.90 करोड़ जमा किये। इसके साथ दो हफ़्तों बाद फ़िल्म की टोटल कमाई ₹338.35 करोड़ हो गयी थी।
पहले हफ़्ते में ₹260 करोड़ पार
एवेंजर्स एंडगेम भारत में 26 अप्रैल को 2845 स्क्रींस पर चार भाषाओं अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में उतारी गयी थी। फ़िल्म ने ₹53.60 करोड़ की कमाई पहले दिन की थी। शनिवार को ₹52.20 करोड़ और रविवार को ₹52.85 करोड़ का कलेक्शन करने के साथ एंड गेम ने ओपनिंग वीकेंड में ही ₹150 करोड़ का आंकड़ा हासिल कर लिया था। वर्किंग वीक में भी छप्परफाड़ कमाई जारी रही।
पहले सोमवार को फ़िल्म ने ₹31.05 करोड़ की शानदार कमाई की, जबकि मंगलवार को ₹26.10 करोड़ बटोरे।बुधवार को देशभर में मजदूर दिवस की छुट्टी होने के कारण फ़िल्म ने ज़ोरदार उछाल लिया और ₹28.50 करोड़ की कमाई की थी। बुधवार की कमाई के साथ एंड गेम ने 2019 में सबसे अधिक कलेक्शन करने वाली बॉलीवुड फ़िल्म उरी द सर्जीकल स्ट्राइक्स (₹244.06 करोड़) को पीछे छोड़ दिया था। गुरुवार को ₹16.10 करोड़ के साथ एवेंजर्स एंडगेम ने रिलीज़ का एक हफ़्ता पूरा कर लिया था और नेट कलेक्शन ₹260.40 करोड़ पर पहुंच गया।
थैनोस से निर्णायक जंग के लिए इकट्ठा हुए सुपरहीरोज़
एवेंजर्स मार्वल यूनिवर्स की कॉन्क्लूडिंग और 22वीं फ़िल्म है, जिसमें सभी सुपरहीरोज़ आयरनमैन (रॉबर्ट डाउनी जूनियर), थॉर (क्रिस हेम्सवर्थ), हल्क (मार्क रफेलो), कैप्टन अमेरिका (क्रिस इवांस), स्टार-लॉर्ड (क्रिस प्रैट), डॉ. स्ट्रेंज (बेनेडिक्ट कंबरबैच), ब्लैक विडो (स्कारलेट जोहेनसन), स्पाइडरमैन (टॉम हौलेंड) और ब्लैक पैंथर (चैडविक बोज़मन) आदि को एक साथ दिखाया गया है। इस जंग में आयरनमैन और ब्लैक विडो मारे जाते हैं, जबकि कैप्टन अमेरिका एवेंजर्स की टीम से रिटायरमेंट ले लेता है।
एवेंजर्स इनफिनिटी वॉर के इस सीक्वल को भी रुसो ब्रदर्स (एंथनी और जो) ने डायरेक्ट किया है। एवेंजर्स एंडगेम में 22 से अधिक सुपरहीरोज़ अंतरिक्ष की गहराइयों से आये शक्तिशाली दुश्मन थैनोस के ख़िलाफ़ निर्णायक लड़ाई लड़ रहे हैं। थैनोस के ख़िलाफ़ एवेंजर्स की टीम को इस बार कैप्टन मार्वल और एंटमैन ने ज्वाइन किया है, जो सबसे शक्तिशाली एवेंजर हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप