'रूद्र- द ऐज ऑफ डार्कनेस' में अजय देवगन संग नजर आएंगे अतुल कुलकर्णी, 22 साल बाद साथ काम करने पर कही ये बात
अजय देवगन की वेब सीरीज रूद्र- द ऐज ऑफ डार्कनेस जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली हैं। सीरीज में अजय के साथ अभिनेता अतुल कुलकर्णी भी नजर आएंगे। फिल्म खाकी के 22 साल बाद अजय के साथ काम करने बारे में अतुल ने अपना अनुभव साझा किया है।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन जल्द ही अपनी मच अवेटेड वेब सीरीज 'रूद्र- द ऐज ऑफ डार्कनेस (Rudra- The Edge Of Darkness)' से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने वाले हैं। सीरीज में उनके साथ अभिनेता अतुल कुलकर्णी भी नजर आएंगे। अजय देवगन के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए अतुल कुलकर्णी ने उनकी तारीफ की और उन्हें एक मंझा हुआ कलाकार बताया।
अजय के साथ काम करने के अपने अनुभव के बारे में बात करते हुए, अतुल ने कहा(एएनआई की भाषा), "हमारी पहली फिल्म 'खाकी' के 22 साल बाद अजय के साथ फिर से काम करना एक शानदार अनुभव था। अजय जी सिर्फ एक अभिनेता नहीं हैं। वह एक निर्देशक, निर्माता, एक महान तकनीशियन और लेखक। इसलिए, उनके कई पहलू हैं जो उनके आसपास के लोगों को प्रेरित करते हैं।"
अतुल ने आगे कहा, "ऐसे कई लोग हैं जिनके पास बहुत अनुभव है, और जब वे सेट पर आते हैं, तो वे उस अनुभव को टीम और सह-अभिनेताओं के साथ साझा करते हैं। हर बार वे जानबूझकर ऐसा नहीं करते! जब भी वे किसी सीन या कोरियोग्राफी के बारे में बात कर रहे होते हैं या अपने डायलॉग्स डिलीवर कर रहे होते हैं तो वे अनजाने में ही बातें शेयर कर देते हैं। अजय जी के साथ, हर बार उनका वह अनुभव सामने आता है। वह फिल्म उद्योग में 25 वर्षों के साथ एक अभिनेता के रूप में सबसे अच्छा उदाहरण हैं। उनके साथ काम करना वास्तव में अद्भुत था।"
'रूद्र' एक क्राइम थ्रिलर सीरीज है। जिसका निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट और बीबीसी स्टूडियोज ने मिलकर किया है। सीरीज 4 मार्च को डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज होगी। जो हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़, मराठी, मलयालम और बंगाली भाषा में भी रीलिज की जाएगी। सीरीज में अजय देवगन और अतुल कुलकर्णी के साथ एशा देओल, राशि खन्ना, अश्विनी कालसेकर, आशीष विद्यार्थी, मिलिंद गुणाजी और लूक केनी अहम किरदारों में नजर आएंगे।