'जुड़वा 2' में हुई इस एक्टर की एंट्री, 'जुड़वा' में भी निभा चुके हैं मज़ेदार रोल
'जुड़वा 2' सलमान ख़ान की मसाला हिट 'जुड़वा' का रीमेक है, जो 1997 में आई थी। फ़िल्म में वरूण धवन डबल रोल में दिखाई देने वाले हैं।
मुंबई। वेटरन एक्टर अनुपम खेर की एंट्री डेविड धवन की फ़िल्म 'जुड़वा 2' में हुई है। वैसे ये कहा जाए कि अनुपम खेर की इस फ़िल्म में री-एंट्री हुई है तो ग़लत नहीं होगा, क्योंकि अनुपम अकेले ऐसे एक्टर हैं जो 'जुड़वा' में भी थे। बाक़ी स्टार कास्ट को 'जुड़वा 2' में बदल दिया गया है।
अनुपम खेर की एंट्री का खुलासा वरूण धवन ने इंस्टाग्राम एकाउंट से किया है। अनुपम के साथ अपनी एक फोटो शेयर करके वरूण ने लिखा है- ''अनुपम खेर जुड़वा की ओरिजिनल कास्ट का अकेले मेंबर हैं जो 'जुड़वा 2' का पार्ट बने हैं। उनके साथ मेरी दूसरी फ़िल्म है और अब वो ज़्यादा फिट और बेहतर दिख रहे हैं। मस्तमौला होने के साथ वो हमारे देश के बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं।''
यह भी पढ़ें: फिल्लौरी के बाद अनुष्का शर्मा की अगली फ़िल्म परी, बर्थडे पर एलान
बताते चलें कि 'जुड़वा 2' सलमान ख़ान की मसाला हिट 'जुड़वा' का रीमेक है, जो 1997 में आई थी। फ़िल्म में वरूण धवन डबल रोल में दिखाई देने वाले हैं, जबकि उनके अपोज़िट तापसी पन्नू और जैकलिन फर्नांडिस हैं। 'जुड़वा' में अनुपम खेर ने इंस्पेक्टर हवलदार विद्यार्थी का किरदार निभाया था।
फ़िल्म में करिश्मा कपूर माला, रम्भा रूपा, बिंदु रूपा की मां और कादर ख़ान माला के पिता के रोल में थे, जबकि शक्ति कपूर के किरदार का नाम रंगीला था। 'जुड़वा 2' की शूटिंग अभी लंदन में चल रही है, जहां कुछ दिन पहले अनुपम ने टीम के साथ वरूण का बर्थडे भी सेलिब्रेट किया था।
यह भी पढ़ें: बजरंगी के बाद इस फ़िल्म के लिए लक्ष्मण बने सलमान ख़ान