इस चेतावनी के बावजूद अनिल कपूर ने सुनीता से कर ली थी शादी, बॉलीवुड के लखन की 'झकास' लव स्टोरी
Anil Sunita Kapoor Love Story तमाम विपरीत परिस्थितयों के बावजूद हमने 19 मई को शादी कर ली। मुझे आज भी याद है जब शादी के दिन मैं उनके घर में दाखिल हुआ था मेरी आंखों में आंसू थे।
नई दिल्ली, जेएनएन। अनिल कपूर और सुनीता कपूर बॉलीवुड के आदर्श कपल्स में से एक हैं। 19 मई को दोनों की शादी को 36 साल पूरे हो गये। शादी से पहले 11 साल तक अनिल और सुनीता ने एक-दूसरे को डेट किया था। अनिल कपूर ने उस वक़्त शादी की थी, जब उनके करियर ने उड़ान भरना ही शुरू किया था। रिस्क भी था। पर अनिल कपूर ने रिस्क लिया। शादी की 36वीं सालगिरह पर अनिल ने पूरी भावुक कहानी अपने फैंस के साथ शेयर की।
इंस्टाग्राम पर पत्नी सुनीता के साथ अनिल ने शादी की तस्वीरें भी शेयर की हैं। इसके साथ उन्होंने लम्बा-सा नोट लिखकर अपनी ज़िंदगी के सबसे हसीन लम्हों में से एक को याद किया है- ''हमारी शादी में काफ़ी देरी हो गयी थी, क्योंकि मैं यह सुनिश्चित करना चाहता था कि उनकी देखभाल करने का काबिल हो सकूं और उन्होंने जो सपने देखे हैं, उन्हें पूरा कर सकूं। कम से कम, एक घर तो ख़रीद सकूं और एक कुक रख सकूं।
तमाम विपरीत परिस्थितयों के बावजूद हमने 19 मई को शादी कर ली। मुझे आज भी याद है, जब शादी के दिन मैं उनके घर में दाखिल हुआ था और अपनी दुल्हन को देखा, वो मुस्कुरा रही थीं और मेरी आंखों में आंसू थे। ख़ुशी के आंसू, लेकिन घबराहट भी थी। मेरा मतलब है कि आख़िर यह मेरी शादी का दिन था। हमारी शादी की तैयारी एक ही दिन में हुई थी। भले ही हमारी शादी बहुत बड़ा आयोजन नहीं बन सकी और हनीमून भी नहीं हुआ, जिसके लिए सुनीता आज भी मुझे चिढ़ाती हैं, मगर फिर भी मेरी ज़िंदगी में होन वाली यह बेस्ट चीज़ है।''
अनिल लिखते हैं कि कई लोगों ने भविष्यवाणी की थी कि इतनी जल्दी शादी करने से मेरा करियर तबाह हो जाएगा, लेकिन मैं सिर्फ़ इतना जानता था क मैं उनके बिना एक और दिन नहीं रह सकता हूं और मैं हर परिस्थिति में उन्हें अपने पास देखना चाहता था। हमारे लिये प्यार और करियर में किसी एक चुनाव कभी नहीं था। हमारे लिए हमेशा प्यार और करियर वाली बात थी। अनिल और सुनीता कपूर को शादी की सालगिरह पर कई दोस्तों और मिलने वालों ने शुभकामनाएं दीं।