अक्षय कुमार दिखेंगे इस महान राजपूत योद्धा के किरदार में, पहली बार निभा रहे ऐसा रोल
दिलचस्प पहलू यह है कि इन फ़िल्मों में इतिहास के अलग-अलग चैप्टरों को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग कालखंडों से आते हैं।
मुंबई। बॉलीवुड में इन दिनों फ़िल्ममेकर्स इतिहास के पन्ने पलटने में बिज़ी हैं। कोई राजपूतों की आन-बान और शान को पर्दे पर लेकर आ रहा है तो कोई मराठाओं की ताक़त दिखा रहा है। बॉलीवुड स्टार्स भी इन ऐतिहासिक किरदारों को निभाने में अपनी शान समझते हैं और पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरते हैं। दिलचस्प पहलू यह है कि इन फ़िल्मों में इतिहास के अलग-अलग चैप्टरों को शामिल किया गया है, जो अलग-अलग कालखंडों से आते हैं।
1897 के बैटल ऑफ़ सारागढ़ी पर आधारित 'केसरी' के बाद अक्षय कुमार एक और फ़िल्म में इतिहास का सफ़र कर रहे हैं। चाणक्य धारावाहिक और 'पिंजर' जैसी कालजयी फ़िल्म बनाने वाले डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी अब पृथ्वीराज चौहान पर फ़िल्म बना रहे हैं, जिसे यशराज फ़िल्म्स जैसा बड़ा प्रोडक्शन हाउस प्रोड्यूस कर रहा है। इस फ़िल्म में अक्षय पृथ्वीराज चौहान का किरदार ही निभा रहे हैं। फ़िल्म की बाक़ी स्टार कास्ट अभी तय की जा रही है। शूटिंग अगले साल शुरू होने की संभावना है।
अजय देवगन सरदार भगत सिंह बनकर पर्दे पर आ चुके हैं, अब वो मराठा योद्धा तानाजी मालसुरे के अंदाज़ में बड़े पर्दे पर उतरेंगे। इस फ़िल्म का शीर्षक 'तानाजी- द अनसंग वॉरियर' है, जिसकी पहली झलक अजय ने ट्विटर के ज़रिए शेयर की थी। तानाजी सत्रहवीं सदी में शिवाजी के जनरल थे।
हड़प्पा संस्कृति पर आधारित फ़िल्म 'मोहनजो-दाड़ो' बनाने के बाद निर्देशक आशुतोष गोवारिकर एक बार फिर इतिहास की तरफ़ देख रहे हैं। इस बार उन्होंने पानीपत की तीसरी लड़ाई चुनी है, जिस पर वो 'पानीपत' शीर्षक से फ़िल्म बना रहे हैं। फ़िल्म में अर्जुन कपूर, संजय दत्त और कृति सनोन भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। अर्जुन सदाशिव राव भाऊ के रोल में हैं, तो कृति उनकी पत्नी पार्वतीबाई का रोल निभा रही हैं। संजय दत्त अफ़गान शासक अहमद शाह अब्दाली के किरदार में हैं।
वैसे आशुतोष इससे पहले 'जोधा अकबर' भी बना चुके हैं, जिसमें रितिक रोशन ने अकबर और ऐश्वर्या राय ने जोधाबाई का किरदार प्ले किया था। अभिषेक बच्चन को लेकर वो 'खेलें हम जी जान से' बना चुके हैं, जो बंगाल की मशहूर क्रांतिकारी घटना चटगांव अपराइज़िंग पर आधारित थी।
इसी साल रिलीज़ हुई संजय लीला भंसाली की 'पद्मावत' चित्तौड़ की महारानी पद्मावती के जौहर पर आधारित थी। इस फ़िल्म में दीपिका पादुकोण ने रानी पद्मावती का किरदार निभाया था, जबकि शाहिद कपूर उनके पति महारावल रतन सिंह के रोल में थे। वहीं, रणवीर सिंह ने दिल्ली सल्तनत के सुल्तान अलाउद्दीन खिलजी का किरदार प्ले किया। पद्मावत साल 2018 की अकेली फ़िल्म है, जिसने 300 करोड़ से अधिक कलेक्शन बॉक्स ऑफ़िस पर किया है।
इससे पहले भंसाली मराठा वॉरियर पेशवा बाजीराव की लव स्टोरी पर 'बाजीराव मस्तानी' बना चुके हैं, जिसमें दीपिका ने मस्तानी और प्रियंका चोपड़ा ने बाजीराव की पत्नी काशीबाई का किरदार निभाया था।
अंग्रेजों से लोहा लेने वाली झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की बायोपिक 'मणिकर्णिका- द क्वीन ऑफ़ झांसी' में कंगना रनौत झांसी की रानी का किरदार निभाने वाली हैं। यह फ़िल्म कृष के निर्देशन में बन रही है, जिन्होंने अक्षय कुमार की फ़िल्म 'गब्बर इज़ बैक' से बॉलीवुड में डायरेक्टोरियल पारी शुरू की थी। बंगाली कलाकार जीशु सेनगुप्ता राजा गंगाधर राव के किरदार में हैं, जबकि अतुल कुलकर्णी तात्या टोपे का रोल निभा रहे हैं। इस फ़िल्म से टीवी एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं, जो झलकारीबाई के किरदार में हैं।