Exclusive: भाभियों की लड़ाई का केस सुलझाने पहुंचे जॉली एलएलबी
अक्षय कुमार के लिए खास तौर पर एपिसोड के ट्रैक लिखे गए हैं। ट्रैक के अनुसार दोनों भाभियों में लड़ाई होने वाली है, लेकिन ये लड़ाई असली वाली लड़ाई नहीं होगी।
अनुप्रिया वर्मा, मुंबई। अक्षय कुमार जब कोई मसला सुलझाने के लिए तैयार हो जाएं, तो कौन नहीं चाहेगा उनकी मदद लेना।
कुछ ऐसा ही तो एंड टीवी के शो भाभीजी घर पर हैं में अंगूरी भाभी और अनीता भाभी की प्लानिंग है। अब तक आपने हमेशा शो में मनमोहन तिवारी और विभूति नारायण मिश्र को आपस में झगड़ते हुए देखा होगा, लेकिन ऐसा पहली बार होगा कि दोनों भाभियां लड़ती नज़र आएंगी और खास बात यह होगी कि उनकी लड़ाई खुद अक्षय कुमार सुलझाने वाले हैं। दरअसल, अक्षय अपनी फ़िल्म जॉली एलएलबी 2 के प्रमोशन के लिए इस शो में शामिल होंगे।चूंकि अक्षय फ़िल्म में वक़ील बने हैं। इसलिए वह शो में वक़ील की भूमिका में ही नज़र आएंगे।
इसे भी पढ़ें- कुछ इस अंदाज़ में मिले दोनों जॉली, अक्षय ने कहा शुक्रिया अरशद
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अक्षय कुमार के लिए खास तौर पर एपिसोड के ट्रैक लिखे गए हैं। ट्रैक के अनुसार दोनों भाभियों में लड़ाई होने वाली है, लेकिन ये लड़ाई असली वाली लड़ाई नहीं होगी। दरअसल तिवारी और विभूति की लड़ाई से उनकी दोनों पत्नियां तंग आ गयी हैं, इसलिए वे तय करती हैं कि वे आपस में नाटक रचेंगी और अपने पतियों को दिखाएंगी कि उनमें सचमुच की लड़ाई हुई है। फिर शो में अक्षय कुमार की एंट्री होगी।
इसे भी पढ़ें- जॉली एलएलबी 2 देखने से पहले जानिए ये ख़ास बातें
अक्षय दोनों के मसले को सुलझाने की कोशिश करेंगे और जाहिर है जब अक्षय वकालत करेंगे तो सभी बात मानेंगे ही। हालांकि अक्षय भी ये बात भी शो के दौरान मानेंगे कि पत्नियों से पंगा लेने की गलती किसी को भी नहीं करनी चाहिए। फिर चाहे दुनिया का कितना भी बड़ा वक़ील हो, पत्नी की वकालत में सभी फेल होते हैं। अक्षय का यह खास एपिसोड दर्शक आने वाले शनिवार को सेलेब्रिटी स्पेशल में देख पाएंगे।