नीतू कपूर ने मुकेश और नीता अंबानी को बताया फरिश्ता, कहा- 'जब हम डरे हुए थे, हमारा हाथ थामा'
Neetu Kapoor Thanks Ambanis मुकेश भाई नीता भाभी आकाश श्लोका अनंत और ईशा... आप सब हमारे लिए इस लम्बे सफ़र में गार्डियन एंजिल की तरह रहे।
नई दिल्ली, जेएनएन। ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर ने उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी को परिवार का ख़्याल रखने के लिए उनका शुक्रिया अदा किया। नीतू ने अंबानी दम्पत्ति को फरिश्ता बताया, जो मुश्किल के वक़्त में परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे।
नीतू ने इंस्टाग्राम पर मुकेश और नीता अंबानी के साथ ऋषि और अपनी एक तस्वीर शेयर की है। इसके साथ एक लम्बा थैंक यू नोट लिखा है। इस नोट में नीतू कहती हैं- हमारे परिवार के लिए पिछले दो साल एक लम्बी यात्रा रहे हैं। अच्छे दिनों के साथ कुछ बुरे दिन भी आये। लेकिन यह सफ़र हम अंबानी परिवार के प्यार और मदद के बिना पूरा नहीं कर पाते।
नीतू लिखती हैं कि पिछले सात महीनों में परिवार के हर सदस्य ने ऋषि की देखभाल में कोई कसर नहीं छोड़ी और इस बात का ध्यान रखा कि उन्हें कम से कम परेशानी हो। उनकी चिकित्सा का पूरा ध्यान रखने से लेकर अस्पताल में उनसे मिलकर उन्हें प्यार और ध्यान देने के साथ हमारा हाथ थामने तक।
मुकेश भाई, नीता भाभी, आकाश, श्लोका, अनंत और ईशा... आप सब हमारे लिए इस लम्बे सफ़र में गार्डियन एंजिल की तरह रहे। हम आपके लिए जो महसूस करते हैं, उसे मापा नहीं जा सकता। नीतू ने अंत में अपने परिवार की ओर से अंबानी परिवार का शुक्रिया अदा किया।
ऋषि कपूर का निधन 30 अप्रैल को हुआ था। उन्हें तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के एचएन रिलायंस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां ऋषि ने आखिरी सांस ली थी। उसी दिन शाम को 4 बजे चंदनवाड़ी शवदाह गृह में ऋषि का अंतिम संस्कार करवाया गया था।
लॉकडाउन की वजह से ऋषि के अंतिम संस्कार में सिर्फ़ 24 लोगों को शामिल होने की अनुमति मिली थी। नीतू, रणबीर, आलिया, रणधीर कपूर, राजीव कपूर, रीमा जैन, करीना कपूर, सैफ़ अली ख़ान और अभिषेक बच्चन अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। हालांकि ऋषि की बेटी रिद्धिमा पापा के अंतिम दर्शनों के लिए मुंबई नहीं पहुंच सकीं। ऋषि की अस्थियां मुंबई के नज़दीक बाणगंगा में प्रवाहित की गयी थीं।