'रिटर्न ऑफ हनुमान' के 19 साल बाद Anurag Kashyap का मास्टरस्ट्रोक, बच्चों के लिए लेकर आए सबसे अनोखी फिल्म
रिटर्न ऑफ हनुमान के 19 साल बाद अनुराग कश्यप एक बार फिर से बच्चों के मासूम सवालों को लेकर आ रहे हैं, जो अक्टूबर में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

लिटिल थॉमस के साथ बच्चों की फिल्म लाए अनुराग कश्यप/ फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
अनुराग कश्यप 19 साल बाद बच्चों के सिनेमा में वापसी कर रहे हैं
'लिटिल थॉमस' फिल्म अक्टूबर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी
गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। अनुराग कश्यप हिंदी सिनेमा के वह डायरेक्टर हैं, जो अपने भावों को स्क्रीन पर शेयर करने से बिल्कुल नहीं कतराते हैं। निर्देशक ने गैंग्स ऑफ वासेपुर, रमन राघवन और बंदर जैसी कई ऐसी फिल्में दी हैं, जो दर्शकों को बेहद पसंद आई हैं। अब 19 साल के लंबे इंतजार के बाद अनुराग कश्यप एक बार फिर से बच्चों के सिनेमा में लौट रहे हैं।
23 अक्टूबर को रिलीज होगी अनुराग कश्यप की फिल्म
बच्चे कहां से आते हैं...इन सभी सवालों का जवाब बनकर आ रही है 'लिटिल थॉमस'। अनुराग कश्यप फिल्म के निर्माता हैं। बच्चे की मासूम सोच पर आधारित फिल्म में गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल मुख्य भूमिका में हैं। बच्चों पर बनी फिल्म लिटिल थॉमस (Little Thomas) में हृदांश पारेख ने बाल-कलाकार का रोल अदा किया है।
कौशल ओझा के निर्देशन में बनी फिल्म लिटिल थॉमस में काम करने को लेकर अपनी खुशी व्यक्त करते हुए गुलशन देवैया ने कहा, "यह गोवा के एक साधारण परिवार की दिल छू लेने वाली कहानी है और इस फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा है। कौशल ओझा के शानदार काम का हिस्सा बनना और रसिका दुग्गल के साथ स्क्रीन साझा करना मेरे लिए बेहद यादगार रहा।"

बच्चों के लिए बनती हैं कम फिल्में
मिर्जापुर- द मूवी में बीना त्रिपाठी बनकर छाईं रसिका दुग्गल ने बच्चों की फिल्म को लेकर जवाब देते हुए कहा, "यह ऐसी फिल्म है जो बिना किसी तामझाम के कहानी की आत्मा से पूरी तरह जुड़ी रहती है। आज बच्चों के लिए इतनी कम फिल्में बनती हैं, खासकर ऐसी फिल्में जो उन्हें छोटा या कम समझदार मानकर उनसे बात न करें। मुझे लगता है कि ‘लिटिल थॉमस’ इस कमी को बहुत खूबसूरत तरीके से पूरा करती है।"
कौशल ओझा ने बच्चों की फिल्म का निर्देशन करने में उन्हें कितना मजा आया, इस पर बात करते हुए कहा, "इसे बनाते हुए मेरी पूरी टीम और मैंने खूब मस्ती की। थॉमस आपको मुस्कुराने पर मजबूर करेगा, हँसाएगा और शायद आपकी आँखों में एक-दो आंसू भी ले आएगा।"

कब सिनेमाघरों में रिलीज होगी लिटिल थॉमस?
लिटिल थॉमस के निर्देशन जहां कौशल ओझा ने किया है, तो वहीं अनुराग कश्यप के साथ फिल्म को लुमिनोसो पिक्चर, सिविक स्टूडियों, गुड बैड फिल्म्स और रंजन सिंह की फ्लिप फिल्म्स ने प्रोड्यूस की है। इस फिल्म के साथ रिटर्न ऑफ हनुमान के 19 साल बाद अनुराग कश्यप किड्स जॉनर में फिर से लौट रहे हैं। लिटिल थॉमस 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
