अभिनेता कमाल खान को जल्द राहत मिलने के आसार नहीं, अब माडल के साथ छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तार
Kamaal Khan Arrested कमाल पर एक माडल एवं अभिनेत्री को फिल्म में भूमिका दिलाने के नाम पर उसके साथ छेड़खानी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद रविवार को कमाल मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किए गए जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मुंबई, जेएनएन। Kamaal Khan Arrested प्रोड्यूसर, अभिनेता और फिल्म आलोचक कमाल राशिद खान का संकट किसी भी तरह से जल्द खत्म नहीं होने जा रहा है। मलाड पुलिस ने पिछले सप्ताह उन्हें गिरफ्तार किया था और वरसोवा पुलिस ने 2019 में पंजीकृत छेड़खानी के एक मामले में रविवार को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। कमाल पर एक माडल एवं अभिनेत्री को फिल्म में भूमिका दिलाने के नाम पर उसके साथ छेड़खानी करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद रविवार को कमाल मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किए गए जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। अब बांद्रा पुलिस कतार में है।
एलजीबीटीक्यू समुदाय पर भी की अपमानजनक टिप्पणी
2019 में पंजीकृत एलजीबीटीक्यू समुदाय के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में बांद्रा पुलिस कमाल को हिरासत में ले सकती है। वरसोवा पुलिस के अनुसार, एक माडल एवं अभिनेत्री ने कमाल के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत सौंपी थी। पुलिस को दिए गए बयान में माडल अभिनेत्री ने कहा है एक पार्टी में उसकी मुलाकात कमाल से कराई गई थी।
यह है आरोप
कमाल ने मुलाकात के दौरान खुद को फिल्म प्रोड्यूसर बताया था। उसके बाद वह कमाल के संपर्क में रही। कमाल ने उससे कहा था कि वह एक फिल्म बना रहा है जिसमें इमरान हाशमी मुख्य भूमिका में होंगे। कमाल ने उसे भूमिका का लालच देकर पार्टी के लिए आमंत्रित किया। कमाल उसे एक कमरे में ले गया और यौन दुर्व्यवहार किया। कैरियर को नुकसान पहुंचने के भय से उसने किसी से शिकायत नहीं की। उसने अपने मित्र को बताया और उसके बाद वह वरसोवा थाना पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई।