विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Aamir Khan ने रखी एक शर्त तो डायरेक्टर ने कर दिया था फिल्म से बाहर, बाद में बनी ब्लॉकबस्टर

Published: Sat, 14 Mar 2026 03:44 PM (IST)

Aamir Khan के साथ आज हर डायरेक्टर काम करना चाहता है, लेकिन एक वक्त था जब मिस्टर परफेक्शनिस्ट की एक ...और पढ़ें

आमिर खान को ऑफर हुई थी डर

आमिर खान को ऑफर हुई थी डर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। यश चोपड़ा की फिल्म 'डर' (Darr) शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के करियर की एक बहुत ही अहम फिल्म थी। जूही चावला और सनी देओल के साथ इस फिल्म में शाहरुख ने एक ऐसे जुनूनी आशिक का किरदार निभाया था, जो अपनी महबूबा को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार था, भले ही उसे उसके आस-पास के लोगों का कत्ल ही क्यों न करना पड़े।

यश चोपड़ा ने नहीं मानी थी ये बात

लेकिन, शाहरुख से पहले यह रोल आमिर खान (Aamir Khan) को ऑफर किया गया था। आमिर ने एक इंटरव्यू में बताया कि यश चोपड़ा ने उन्हें फिल्म 'डर' (Darr) से निकाल दिया था, क्योंकि आमिर ने फिल्म के दोनों हीरो के साथ मिलकर कहानी सुनने (जॉइंट नरेशन) की जिद की थी, लेकिन यश चोपड़ा ने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया था।

aamir khan (12)

यह भी पढ़ें- पटरी पर थे आमिर खान, 1 सेकंड दूर थी ट्रेन... जब जोखिम भरे सीन के चलते हलक में आ गई थी एक्टर की जान

आमिर उन फिल्मों के बारे में बात कर रहे थे जिन्हें उन्होंने करने से मना कर दिया था और जो बाद में बड़ी हिट साबित हुईं। इसी दौरान, 'डर' फिल्म का जिक्र आया और आमिर ने इंटरव्यू लेने वाले को ठीक करते हुए कहा कि उन्होंने इस फिल्म को करने से मना नहीं किया था, बल्कि उन्हें तो इस फिल्म से निकाल दिया गया था।

aamir khan (13)

आमिर को दिखा दिया था बाहर का रास्ता

उन्होंने कहा, 'मैंने 'डर' के लिए मना नहीं किया था। मैंने तो हां कहा था, लेकिन मुझे फिल्म से निकाल दिया गया क्योंकि मैं चाहता था कि फिल्म की कहानी (नरेशन) हम दोनों कलाकारों को एक साथ सुनाई जाए। फिल्म में दो कलाकार थे और मेरा यह उसूल है कि अगर दो कलाकार हों, तो डायरेक्टर को दोनों को एक साथ कहानी सुनानी चाहिए। यश जी ऐसा नहीं करना चाहते थे, इसलिए उन्होंने मुझे फिल्म से निकाल दिया।

aamir khan (14)

आमिर ने आगे कहा, 'हर किसी का काम करने का अपना एक अलग तरीका होता है। मेरा मानना है कि जब दो लोग एक साथ काम कर रहे हों, तो उन्हें कहानी भी एक साथ ही सुननी चाहिए, ताकि हम एक टीम की तरह मिलकर काम कर सकें'।

अंदाज अपना-अपना के लिए सलमान के साथ सुनी थी कहानी

आमिर ने बताया कि उन्होंने राजकुमार संतोषी की फिल्म 'अंदाज अपना अपना' में भी इसी सिद्धांत का पालन किया था, जिसमें उन्होंने सलमान खान के साथ काम किया था। उन्होंने बताया कि सलमान ने तीन बार कहानी सुनने का सेशन (नरेशन) कैंसल कर दिया था, लेकिन आमिर इस बात पर अड़े रहे कि वे दोनों कहानी एक ही समय पर सुनें, ताकि फिल्म में अपने-अपने किरदारों को लेकर दोनों के मन में पूरी स्पष्टता हो।

aamir khan (16)

उन्होंने कहा, 'जैसे 'अंदाज अपना अपना' (Andaz Apna Apna) में, जब राजकुमार संतोषी पहली बार कहानी सुना रहे थे... तो सलमान ने तीन बार मीटिंग कैंसल कर दी। हम वहां पहुंच गए, लेकिन सलमान मौजूद नहीं थे। उनके सेक्रेटरी ने कहा, 'सलमान बाद में सुन लेंगे, आप लोग आगे बढ़िए, वह यह फिल्म कर रहे हैं।' मैंने कहा कि मैं भी तब तक कहानी नहीं सुनूंगा। मैं इसे तभी सुनूंगा, जब सलमान भी वहां मौजूद होंगे। उन्होंने तीन बार मीटिंग कैंसल की, लेकिन आखिरकार हमने साथ मिलकर ही कहानी सुनी'।

खैर, भले ही आमिर खान को डर में काम करने को नहीं मिला हो लेकिन आमिर ने भारतीय सिनेमा को कई ब्लॉकबस्टर और सदियों तक याद की जाने वाली फिल्में दी हैं- जिनमें गजनी, तारे जमीं पर, रंग दे बसंती, लगान, पीके, दंगल जैसी फिल्में शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- Asha Parekh को आमिर खान के अंकल से थी बेइंतहा मोहब्बत, ताउम्र रहीं कुंवारी