धोनी की बेटी के साथ सुशांत ने शेयर की प्यारी तस्वीरें, गर्लफ्रेंड भी दिखीं
सुशांत सिंह राजपूत ने इंस्टाग्राम पर अपनी और गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे की तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें दोनों भारतीय क्रिकेट के कप्तान एम एस धोनी की प्यारी बेटी जिवा के साथ नजर आ रहे हैं।
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत इन दिनों भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पर बन रही फिल्म में व्यस्त हैं। वो 'एम एस धोनी : द अनटोल्ड स्टोरी' में धोनी का मुख्य किरदार निभा रहे हैं और फिल्म की वजह से धोनी के साथ उनकी अच्छी दोस्ती हो गई है। इतना ही नहीं, लगता है कि उनकी प्यारी बेटी जिवा के साथ भी वो काफी घुल-मिल गए हैं। दरअसल, सुशांत ने इंस्टाग्राम पर अपनी और गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे की तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें दोनों लिटिल जिवा के साथ नजर आ रहे हैं।
अंकिता के साथ भी जिवा काफी चिपकी नजर आई। इस तस्वीर को देखकर तो यही लग रहा है कि जैसे वो अंकिता को बहुत पहले से जानती हो। वाकई में बहुत प्यारी तस्वीर है ये।
यह तस्वीरें उस वक्त की हैं, जब धोनी और उनकी पत्नी साक्षी की सुशांत और अंकिता से डिनर पर मुलाकात हुई थी। कुछ दिनों पहले धोनी इस फिल्म के सेट पर भी नजर आए थे। उनके पिता पान सिंह का किरदार निभा रहे अनुपम खेर ने इस मुलाकात की एक तस्वीर ट्विटर पर शेयर की थी। आपको बता दें कि अगले साल रिलीज होने जा रही इस फिल्म को नीरज पांडे डायरेक्ट कर रहे हैं।