विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 24, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बंगाल के कोने से कोने आ रही आवाज, 2 मई दीदी जाछे और आसोल परिवर्तन आछे- कांथी में बोले पीएम मोदी

By TaniskEdited By:
Published: Wed, 24 Mar 2021 09:47 AM (IST)Updated: Wed, 24 Mar 2021 12:04 PM (IST)

श्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वी मिदनापुर के कांथी में रैली को संबोधित करते हुए ममता ...और पढ़ें

अधिकारी परिवार के गढ़ कांथी में प्रधानमंत्री मोदी की रैली।
अधिकारी परिवार के गढ़ कांथी में प्रधानमंत्री मोदी की रैली।

कोलकाता, जेएनएन। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वी मिदनापुर के कांथी में रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल के कोने से कोने से अब एक ही आवाज़ आ रही है, बंगाल के हर घर से एक ही आवाज़ आ रही है, बंगाल के हर मुख से एक ही आवाज़ आ रही है कि 2 मई दीदी जाछे और आसोल परिवर्तन आछे। उन्होंने कहा कि जब जरूरत होती है तब दीदी दिखती नहीं, जब चुनाव आता है तो कहती हैं- सरकार दुआरे-दुआरे! यही इनका खेला है। पश्चिम बंगाल का बच्चा-बच्चा ये खेला समझ गया है। दीदी, आज पश्चिम बंगाल पूछ रहा है, कि एम्फन की राहत किसने लूटी? गरीब का चावल का किसने लूटा? एम्फन के सताए लोग, आज भी टूटी हुई छत के नीचे जीने को मजबूर क्यों हैं।

ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि दीदी आजकल मेदिनीपुर में आकर बार-बार बहाने बना रही हैं, दीदी उन बहनों और परिवारों को जवाब नहीं दे पाई जिनको पहले एम्फान ने तबाह किया और फिर तृणमूल के टोलाबाजों ने लूट लिया। बंगाल का किसान भूल नहीं सकता कि कैसे दीदी ने निर्ममता दिखाई है। दीदी ने आपको पीएम किसान सम्मान निधि से वंचित रखा।  2 मई को बंगाल के विकास के बीच आ रही दीवारें टूट जाएंगी। यहां भाजपा की सरकार बनेगी और किसानों के हक के 3 साल के पैसे भी उनके खातों में मैं जमा करके रहूंगा। पिछले तीन साल के जो पैसे दीदी ने नहीं दिए, वो मैं किसानों को दूंगा। 

भाजपा- हर स्कीम को स्कैम मुक्त करेगी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार हल्दिया को नदी जलमार्गों से कनेक्ट कर रही है। पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के स्टील प्लांट्स और अन्य उद्योगों के लिए जो आयात और निर्यात होगा, उसका हल्दिया अहम सेंटर बनने वाला है। यहां के लोगों का विकास, भाजपा का संकल्प है। बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए हम जी-जान से जुट जाएंगे, ये वादा करने मैं आया हूं। भाजपा का संकल्प, बंगाल के गरीब से गरीब तक, हर क्षेत्र तक विकास पहुंचाने का संकल्प है। भाजपा- हर स्कीम को स्कैम मुक्त करेगी। कट, कमीशन पर रोक लगाएगी। 

टीएमसी सरकार को आपकी चिंता नहीं

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि बंगाल में भाजपा का संकल्प पत्र भी सामने आ चुका है। मैं बंगाल, भाजपा के सभी नेताओं, बंगाल भाजपा की टीम को इसके लिए बहुत बधाई देता हूं। उन्होंने जो संकल्प पत्र बनाया है, जनता की आवाज सुनकर बनाया है। लोगों की मुसीबतों को सुनकर बनाया है, बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए बनाया है। केंद्र सरकार हर घर नल से जल पहुंचाने के लिए काम कर रही है। लेकिन तृणमूल की सरकार ने यहां ये भी नहीं होने दिया। टीएमसी सरकार को आपकी चिंता नहीं है। बहनों-बेटियों के सशक्तिकरण के लिए जो काम केंद्र की भाजपा सरकार कर रही है। उसे डबल इंजन की सरकार कई गुना बढ़ाने वाली है। 

ममता को अपने काम का हिसाब देना चाहिए

कांथी में प्रधानमंत्री मोदी ने रैली संबोधित करते हुए कहा कि जिस बंगाल ने पूरे भारत को वन्दे मातरम की भावना में बांधा है उस बंगाल में ममता दीदी 'बोहिरागोतो' की बात कर रही हैं। आप सभी ने ममता दीदी को 10 साल काम करने का मौका दिया। आपके बीच आकर उन्हें अपने काम का हिसाब देना चाहिए, लेकिन दीदी आपको हिसाब नहीं दे रही बल्कि हिसाब मांगने वालो को गालियां दे रही हैं, उन पर गुस्सा कर रही हैं। असम में एनडीए की सरकार है। इन 5 वर्षों में वहां तेजी से विकास के काम हुए। इन 5 वर्षों में असम में शांति आई है, स्थिरता आई है, जिन्होंने अलगाववाद का रास्ता चुना था, वो मुख्यधारा में लौट आए हैं। दीदी के राज में यहां हिंसा और बम धमाकों की खबरे आती है।

धमाकों से पूरे-पूरे घर उड़ जाते है  और दीदी की सरकार सिर्फ देखती रहती है

ममता पर निशाना साधना जारी रखते हुए पीएम मोदी ने कहा कि धमाकों से पूरे-पूरे घर उड़ जाते है  और दीदी की सरकार सिर्फ देखती रहती है। इस स्थिति को हमें मिलकर बदलना होगा। बंगाल को शांति चाहिए, स्थिरता चाहिए, बम-बंदूकों और हिंसा से मुक्ति चाहिए। तृणमूल सरकार ने बंगाल को सिर्फ अंधकार दिया है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार बंगाल को सोनार बांग्ला देगी। बंगाल में भाजपा की जो राज्य सरकार आप बनाने जा रहे हैं, उसमें मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी इसी मिट्टी की संतान की होगी।

पश्चिम बंगाल भाजपा के संकल्पों का अहम केंद्र

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी की लड़ाई में दिए गए हर योगदान को भावी पीढ़ी तक पहुंचाना भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। इसलिए पश्चिम बंगाल भाजपा के संकल्पों का भी अहम केंद्र है। बंगाल में 25 साल के आसपास के मतदाताओं औऱ पहली बार वोट देने वाले वोटर्स के लिए यह बहुत महत्वपूर्ण समय है। उनपर बंगाल के भविष्य का निर्माण करने की जिम्मेदारी है और इस प्रकार, 'असोल पोरिवर्तन' समय की आवश्यकता है।

अधिकारी परिवार का गढ़ है कांथी 

बता दें कि तृणमूल कांग्रेस ( TMC) को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाला प्रभावशाली अधिकारी परिवार कांथी के ही रहने वाला है। इसे जिले में अधिकारी परिवार का खासा दबदबा है। यहीं से सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ ममता बनर्जी भी उम्मीदवार हैं। सुवेंदु के पिता शिशिर अधिकारी यहीं से सांसद हैं। वह गत रविवार को टीएमसी छोड़कर गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। वहीं सुवेंदु दिसंबर में ही भाजपा में शामिल हो गए थे। 

एक हफ्ते के भीतर प्रधानमंत्री मोदी का चौथा दौरा

बता दें कि बंगाल में 27 मार्च से आठ चरणों में चुनाव होने हैं और दो मई को नतीजे आएंगे। इससे पहले भाजपा और टीएमसी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री मोदी का एक हफ्ते के भीतर यह राज्य का चौथा दौरा होगा। बीते दो महीने में राज्य में यह उनका आठवां दौरा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।