TMC सांसद कल्याण बनर्जी के बिगड़े बोल, अमित शाह को दी 'कपड़े उतारने' की धमकी; BJP ने खोला मोर्चा
कोन्ननगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि यदि तृणमूल के एक भी कार्यकर्ता पर आंच आई, तो अमित शाह के शरीर पर कपड़े नहीं बचेंगे।

तृणमूल सांसद ने अमित शाह को दी 'कपड़े उतारने' की धमकी (फाइल फोटो)
HighLights
तृणमूल सांसद ने अमित शाह को दी 'कपड़े उतारने' की धमकी
कल्याण बनर्जी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को 'उल्टा लटकाने' की भी दी धमकी
जागरण संवाददाता, कोलकाता। हुगली जिले के श्रीरामपुर के वर्तमान सांसद और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व अधिवक्ता कल्याण बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और विवादित बयान देकर राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है।
कोन्ननगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कल्याण बनर्जी ने कहा कि यदि तृणमूल के एक भी कार्यकर्ता पर आंच आई, तो अमित शाह के शरीर पर कपड़े नहीं बचेंगे।
सांसद यहीं नहीं रुके, उन्होंने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को 'उल्टा लटकाने' की भी धमकी दी। शाह को 'जल्लाद' संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल के लोग जानते हैं कि हिसाब कैसे चुकता किया जाता है।
कल्याण बनर्जी ने केंद्रीय एजेंसियों की सक्रियता को लेकर भी हमला बोला। दावा किया कि पहले चरण के मतदान में उत्तर बंगाल और जंगलमहल में भाजपा का सूपड़ा साफ होने जा रहा है।
उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताया और चुनाव आयोग से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कल्याण बनर्जी अक्सर ही अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं।
वह कभी पीएम मोदी को चूहा तो कभी अपनी पार्टी सांसद को लेकर गलत बयानबाजी तो कभी उपराष्ट्रपति व राज्यसभा के सभापति रहने के दौरान जगदीप धनखड़ का संसद भवन के गेट पर नकल करना प्रमुख रहा है।