बंगाल में कड़ी सुरक्षा में पहले चरण की वोटिंग आज, मतदान केंद्र अभेद्य किले में तब्दील; आयोग सतर्क
बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की लंबी प्रक्रिया के बाद हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले ...और पढ़ें

बंगाल में अभूतपूर्व सुरक्षा में पहले चरण की वोटिंग आज
HighLights
एसआईआर की लंबी प्रक्रिया के बाद राज्य के 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर पड़ेंगे वोट
केंद्रीय बलों की 2,407 कंपनियों की तैनाती, 2,193 क्विक रिस्पांस टीमें भी रहेंगी मुस्तैद
100 प्रतिशत मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग, मतदाताओं के परिचय पत्रों की दो स्तरों पर होगी जांच
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की लंबी प्रक्रिया के बाद हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत गुरुवार को 16 जिलों की 152 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा में वोट पड़ेंगे। इनमें उत्तर बंगाल के आठ, दक्षिण बंगाल के तीन व जंगलमहल क्षेत्र के पांच जिले शामिल हैं।
पूर्व मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 273 कंपनियां मुस्तैद
बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय से दी गई जानकारी के मुताबिक पहले चरण के लिए केंद्रीय बलों की कुल 2,407 कंपनियों की तैनाती की गई है। पूर्व मेदिनीपुर जिले में सबसे अधिक 273 कंपनियां मुस्तैद रहेंगी।
मतदान केंद्रों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। उनके 100 मीटर के दायरे पर केंद्रीय बलों का नियंत्रण रहेगा। मतदाताओं, चुनाव कर्मियों, ड्यूटी प्राप्त पुलिस कर्मियों व राजनीतिक दलों के प्राधिकृत एजेंटों के अलावा किसी को इसके दायरे में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल के चार जवान तैनात रहेंगे
प्रत्येक मतदान केंद्र पर केंद्रीय बल के चार जवान तैनात रहेंगे। वहीं, पुलिसकर्मियों का काम मतदाताओं की कतार को व्यवस्थित करना होगा। केंद्रीय पुलिस पर्यवेक्षक इसपर कड़ी निगरानी रखेंगे।
केंद्रीय बलों के जवान अपनी मर्जी से कहीं भी मूव कर सकेंगे। पुलिसकर्मी इसमें उनका मार्गदर्शन करेंगे। इसके अलावा 2,193 क्विक रिस्पांस टीमें भी मुस्तैद रहेंगी। प्रत्येक 10-12 बूथों के बाबत एक क्यूआरएस होगी। कहीं से भी गड़बड़ी, हिंसा अथवा बूथ पर कब्जे की खबर मिलने पर क्यूआरटी तुरंत वहां पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
मतदान केंद्रों पर लोगों के परिचय पत्रों की दो स्तरों पर जांच होगी। पहले केंद्रीय बल के जवान जांच करेंगे। उसके बाद अंदर बूथ स्तरीय अधिकारी जांच करेंगे। मतदाताओं की सहायता के लिए मतदान केंद्रों पर सहायता शिविर भी खोले जाएंगे।
आयोग ने कहा है कि इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बटन में इत्र, कालिख, गोंद अथवा कोई रासायनिक लगा पाए जाने पर इसे 'वोट टेंपरिंग' माना जाएगा। वहां वोट रद करके पुनर्मतदान कराया जा सकता है।
पीठासीन अधिकारियों को मतदान शुरू होने से पहले ईवीएम की ठीक से जांच कर लेने का सख्त निर्देश दिया गया है। किसी भी तरह की विसंगति पाए जाने पर तुरंत रिटर्निंग अधिकारी अथवा सेक्टर अधिकारी को जानकारी देने को कहा गया है।
इस बार 100 प्रतिशत बूथों पर वेबकास्टिंग होगी
इस बार 100 प्रतिशत बूथों पर वेबकास्टिंग होगी। मालूम हो कि बंगाल में पिछले साल नवंबर से एसआइआर की प्रक्रिया शुरू हुई थी। कुल 63,66,952 नाम मतदाता सूची से हटाए गए जबकि 60,06,675 नाम 'विचाराधीन' श्रेणी में गए थे। उनमें भी 27,16,393 लोगों को अपात्र पाया गया। जिन 16 जिलों में पहले चरण का मतदान होने जा रहा, वहां अच्छी संख्या में नाम कटे हैं।
मौसम विभाग ने मालदा, मुर्शिदाबाद, बांकुड़ा, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर समेत कई जिलों में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास रहने का पूर्वानुमान जताया है।
पहला चरण
- कुल जिले : 16
- कुल सीटें : 152
- कुल प्रत्याशी : 1,478
- पुरूष प्रत्याशी : 1,311
- महिला प्रत्याशी : 167
- कुल मतदाता : 3,60,77,171
- पुरूष मतदाता : 1,84,99,496
- महिला मतदाता : 1,75,77,210
- ट्रांसजेंडर : 465
प्रमुख चेहरे
- सुवेंदु अधिकारी : भाजपा : नंदीग्राम
- अधीर रंजन चौधरी : कांग्रेस : बहरमपुर
- दिलीप घोष : भाजपा : खड़गपुर सदर
- शंकर घोष : भाजपा : सिलीगुड़ी
- गौतम देब : तृणमूल कांग्रेस : सिलीगुड़ी
- उदयन गुहा : तृणमूल कांग्रेस : दिनहाटा
- शंकर मालाकार : कांग्रेस : माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी
- मौसम बेनजीर नूर : कांग्रेस : मालतीपुर
- अशोक डिंडा : भाजपा : मयना
- हुमायूं कबीर : आम जनता उन्नयन पार्टी : नउदा व रेजीनगर
2021 में इन 152 सीटों के नतीजे
- तृणमूल कांग्रेस : 93 सीटें
- भाजपा : 59 सीटें
- कांग्रेस : 00
- वाममोर्चा : 00
सबसे अधिक मतदाता वाले जिले
- प्रथम : मुर्शिदाबाद : 50,26,213
- द्वितीय : पूर्व मेदिनीपुर : 41,60,154
- तृतीय : पश्चिम मेदिनीपुर : 37,70,794
- इसके अलावा सबसे कम मतदाता वाला जिला कलिंपोंग (201619) है।
