केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा का वीटो पावर, कट गया नवाब सिंह नागर का टिकट
केंद्रीय मंत्री डाक्टर महेश शर्मा ने मास्टर तेजपाल नागर के लिए वीटो पावर लगा दिया। इससे नवाब सिंह नागर का टिकट कट गया।
नोएडा [जेएनएन]। भाजपा में पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर का टिकट कटने से जहां एक तरफ स्थानीय सांसद व केंद्रीय मंत्री डा महेश शर्मा पार्टी कार्यकर्ताओं के निशाने पर हैं। वहीं जिले के दूसरे सबसे बड़े कद्दावर नेता सपा के राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर के खिलाफ भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इससे आने वाले समय में जनपद के दोनों सांसदों की मुश्किल बढ़ सकती है। इस विरोध का असर जिले में उनकी राजनीति के साथ ही पार्टी के वोट फीसद पर भी पड़ सकता है।
जिले में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति डा महेश शर्मा व सपा की राजनीति राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों ही अपनी पार्टी के साथ जिले के भी कद्दावर नेता है। दोनों के लिए उनकी ही पार्टी के लोग अब मुश्किल खड़ी कर रहे हैं। इन दोनों के बाद जिले में यदि किसी नेता का नाम आता है तो वह पूर्व मंत्री नरेंद्र भाटी और पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर है।
UP चुनाव 2017 : जाट-मुस्लिम फैक्टर के चुनावी भंवर में फंसी साइकिल और हाथी
भाजपा के पुराने कार्यकर्ता दादरी विधान सभा सीट से नवाब सिंह नागर को चुनाव लड़वाना चाहते थे, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। लोगों का आरोप है कि नवाब सिंह नागर का टिकट फाइनल हो गया था, लेकिन अंतिम समय में केंद्रीय मंत्री डाक्टर महेश शर्मा ने मास्टर तेजपाल नागर के लिए वीटो पावर लगा दिया। इससे नवाब सिंह नागर का टिकट कट गया। इस बात को लेकर पुराने भाजपाइयों के साथ लोगों में डा महेश शर्मा का विरोध शुरू हो गया है। कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर उनके पुतले जला रहे हैं।
अब सुरेंद्र नागर का शुरू हुआ विरोध
शुक्रवार को सपा ने जिले के अपने तीनों प्रत्याशी नोएडा से अशोक चौहान, दादरी से रविंद्र भाटी व जेवर से बेवन नागर को बदल दिया। रविंद्र भाटी ने राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोलते हुए आरोप लगाया कि नागर ने उनका टिकट कटवाया है। बेवन नागर और अशोक चौहान अभी खुलकर नहीं बोल रहे हैं, लेकिन उनके समर्थकों ने दबी जुबान से बोलना शुरू कर दिया है कि नोएडा में अपने करीब सुनील चौधरी और दादरी में राजकुमार भाटी को टिकट दिलवाने के लिए सुरेंद्र नागर ने बेवन और अशोक चौहान के टिकट कटवाए।
UP चुनाव 2017: तीन दशक से एक ही चुनावी एजेंडा, पिता नहीं बेटा भी करेगा सवाल