भाजपा सांसद साक्षी महाराज को बम से उड़ाने की धमकी
उन्नाव के भाजपा सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी को रात बम से उड़ाने की धमकी भरा मैसेज भेजा गया है। साक्षी ने मथुरा पुलिस को इसकी जानकारी दे दी।
मथुरा (जेएनएन)। उन्नाव के भाजपा सांसद सच्चिदानंद हरि साक्षी को आज रात बम से उड़ाने की धमकी भरा मैसेज भेजा गया है। साक्षी ने पुलिस अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी है। परिक्रमा मार्ग स्थित संत कॉलोनी स्थित अपने आश्रम में सांसद डॉ. साक्षी ने पत्रकारों को बताया कि गुरुवार रात उनके मोबाइल पर भेजे मैसेज में कहा गया कि उन्हें बम से उड़ा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने उनकी सुरक्षा हटा ली है, उप्र में पुलिस से उन्हें कोई मदद नहीं मिल रही है। हालांकि वाई श्रेणी की सुरक्षा केंद्र सरकार ने मुहैया करा रखी है। डॉ. साक्षी ने बताया कि धमकी की जानकारी उन्होंने प्रदेश के पुलिस अफसरों को दे दी है। पार्टी नेताओं के संज्ञान में भी लाया जाएगा। अपने संसदीय क्षेत्र उन्नाव में उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई है। मैसेज किसका था, इस बारे में उन्होंने नहीं बताया।