राजीव शुक्ला का दावा, राजस्थान में कांग्रेस 160 सीटें जीतेगी
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस 160 सीटें जीतेगी।
जयपुर,जेएनएन। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस 160 सीटें जीतेगी। शुक्ला ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने में सक्षम है, लेकिन कांग्रेस गठबंधन कर सहयोगियों को साथ लेकर चलना चाहती है। इसके लिए कई राज्यों में सहयोगियों को साथ लिया जा रहा है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए शुक्ला ने कहा कि बीजेपी के नेता कहते हैं राजस्थान में नाराजगी मुख्यमंत्री के प्रति है पार्टी के प्रति नहीं, यानी भाजपा नेता खुद मान रहे हैं कि जनता में नाराजगी है। कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री कौन होगा के सवाल पर राजीव शुक्ला ने कहा कि कई राज्यों में हम सीएम पहले तय करते है, कई राज्यों में नहीं करते है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राजस्थान में सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। यहां पर कई चेहरे है, जैसे प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य बड़े नेता भी है। लेकिन कांग्रेस विधायक दल ही राजस्थान में कांग्रेस का मुख्यमंत्री तय करेगा। फिलहाल, अभी राजस्थान में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ सामूहिक नेतृत्व में चुनाव मैदान में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने 10 फीसदी वादे भी पूरे नहीं किए। राजस्थान को बीमारू प्रदेश बना दिया। भ्रष्टाचार चरम पर है। खान, बजरी, जलदाय, एनआरएचएम और खासा कोठी सहित कई घोटाले हुए है। उन्होंने भाजपा पर भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान बनाने के आरोप लगाए। शुक्ला ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश को भ्रष्टाचार मुक्त करने के दावे करते थे, लेकिन केंद्र सरकार आज तक संसद को राफेल की कीमत नहीं बता रही है। शुक्ला ने कहा कि देश में ऐसा कोई सा भी वर्ग नहीं है, जिसके अच्छे दिन आये हो।
उन्होंने कहा कि जब चुनाव आते हैं तो बीजेपी को राम याद आते हैं। इनकी चुनाव में वोट लेने में आस्था है राम के प्रति कोई आस्था नहीं है। शुक्ला ने कहा कि मंदिरों में जाने की ठेकेदारी तो जैसे सिर्फ भाजपा नेताओं ने ले रही है। जब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मंदिर जाते है, तो इन्हें आपत्ति हो जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राममंदिर के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करेगी।