यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 30, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Rajasthan Election 2023: 'एग्जिट पोल में कुछ भी आए, राजस्थान में सरकार हमारी बनेगी' सीएम अशोक गहलोत ने किया दावा
Rajasthan Exit Poll 2023 राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को कहा कि एग्जिट पोल में कुछ भी आंकड़े ...और पढ़ें

HighLights
- सत्ता विरोधी माहौल नहीं है- सीएम गहलोत
- 'भाजपा के मतदाता भी कहते हैं कोई कमी नहीं छोड़ी'
- भाजपा कहीं भी नहीं जीत रही- सीएम गहलोत
जागरण संवाददाता,जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि एग्जिट पोल में कुछ भी आंकड़े दिखाएं,लेकिन मुझे लगता है कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी। गहलोत ने आगे कहा कि प्रदेश में उनके नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के खिलाफ सत्ता विरोधी माहौल नहीं है। भाजपा का ध्रुवीकरण का प्रयास भी सफल नहीं रहा है।
सीएम अशोक गहलोत गुरुवार को जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, एग्जिट पोल कुछ भी आए, मीडिया के सर्वेक्षण में भी कुछ भी कहा जाए और सटोरिये कुछ भी कहें,लेकिन सरकार कांग्रेस की बनेगी। प्रदेश में जनता एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनाएगी। यह पहली सरकार है कि जिसके खिलाफ सत्ता विरोध लहर नहीं होने के साथ ही मुख्यमंत्री के बारे में सबकी एक राय है।
'भाजपा के मतदाता भी कहते हैं कोई कमी नहीं छोड़ी'
उन्होंने कहा कि भाजपा के मतदाता भी कहते हैं कि सीएम ने काम करने में कोई कमी नहीं रखी है। सीएम ने कहा, हमारी जीत होगी। उन्होंने कहा,केंद्र सरकार लोकतंत्र और सैंवधानिक संस्थाओं को खत्म करने में जुटी है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में भाजपा के भीतर समझदार लोग विद्रोह करेंगे।
भाजपा कहीं भी नहीं जीत रही- सीएम गहलोत
सीएम गहलोत ने दावा किया कि राजस्थान सहित पांच राज्यों में भाजपा कहीं भी नहीं जीत रही है। गहलोत ने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और केंद्र के अन्य मंत्रियों ने डराने वाली और तनाव पैदा करने वाली भाषा बोली, लेकिन ये लोग राजस्थान में सफल नहीं रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्थान में कांग्रेस की सरकार गिराने में सफल नहीं रही। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। मतदाताओं ने काम के आधार पर कांग्रेस को वोट दिया है। कांग्रेस सरकार ने हर वर्ग को राहत देने वाले फैसले लिए हैं। कांग्रेस ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा है।
