Rajasthan Election 2018: ईवीएम में खराबी साढ़े घंटे खड़े रहे केंद्रीय मंत्री मेघवाल
Rajasthan Election 2018. ईवीएम में खराबी के कारण केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को साढ़े तीन घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ा।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान में 199 विधानसभा सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ। प्रदेश में कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी की शिकायतें सामने आई। ईवीएम में खराबी के कारण केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल को साढ़े तीन घंटे तक कतार में खड़ा रहना पड़ा। मेघवाल सुबह आठ बजे मतदान करने पहुंचे, लेकिन ईवीएम में खराबी के चलते 11:30 बजे अपना वोट डाल पाए।
अपनी सादगीपूर्ण जीवनशैली के लिए जाने जाने वाले अर्जुन मेघवाल सुबह आठ बजे बीकानेर पूर्व के बूथ नंबर 172 पर मतदान के लिए पहुंचे और लाइन में लग गए। इस बीच, ईवीएम खराब हो गई, जिसके कारण मेघवाल को साढ़े तरन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। मेघवाल का शुक्रवार को जन्मदिन भी है। लोगों ने उन्हे मतदान केंद्र पर ही बधाई दी। मेघवाल ने बीकानेर के जिस स्कूल में पढ़ाई की वहीं बने मतदान केंद्र पर वोट डालने के लिए पहुंचे।
उधर, वसुंधरा सरकार में चिकित्सा एवं स्वाथ्य मंत्री कालीचरण सराफ को भी करीब 25 मिनट तक मतदान केंद्र के बाहर कतार में खड़ा रहना पड़ा। सराफ जैसे ही मतदान केंद्र पर पहुंचे तो उन्हे जानकारी मिली की ईवीएम खराब हो गई। इस कारण वे कतार में लग गए और लोगों से बातचीत करने लगे। दौसा, सीकर, उदयपुर सहित कई जिलों में ईवीएम खराब होने के कारण कुछ देर के लिए मतदान बाधित हुआ। हालांकि नई मशीन आने के बाद मतदान फिर व्यवस्थित ढंग से प्रारंभ हो गया।