विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajasthan Polls: राजस्थान में विधानसभा चुनाव संपन्न; लगभग 77 फीसद मतदान, हवा में फायरिंग सहित कई छिटपुट घटनाएं दर्ज

By Jagran NewsEdited By: Anurag Gupta
Published: Sat, 25 Nov 2023 09:06 PM (IST)

राजस्थान विधानसभा चुनाव में 200 में से 199 सीटों पर शनिवार को लगभग 77 प्रतिशत मतदान हुआ है। करणपुर सीट ...और पढ़ें

राजस्थान में विधानसभा चुनाव संपन्न (फोटो: एएनआई)
राजस्थान में विधानसभा चुनाव संपन्न (फोटो: एएनआई)

जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में 200 में से 199 सीटों पर शनिवार को लगभग 77 प्रतिशत मतदान हुआ है। करणपुर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर की मौत के कारण चुनाव टाला गया है। प्रदेश में हर पांच साल में सरकार बदलने का पुराना रिवाज है। मतदाताओं ने इसका फैसला कर दिया है। अब तीन दिसंबर को 1862 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा।

मतदान के दौरान कई विधानसभा क्षेत्रों में हिंसा, फायरिंग, तोड़फोड़ और बूथ कैप्चरिंग के प्रयास की घटनाएं भी हुई हैं। मतदान के दौरान तीन जगह पर सुरक्षाबल को उपद्रवियों को काबू करने के लिए सख्ती बरतनी पड़ी। एक दर्जन स्थानों पर ईवीएम मशीन में खराबी की शिकायत भी आई, जिन्हें बाद में बदला गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि विभिन्न कारणों से छह स्थानों पर मतदान का बहिष्कार किया गया।

उपद्रव के चलते आधे घंटे तक बंद रहा मतदान

भीलवाड़ा के मांडल में राजस्व मंत्री रामलाल जाट पर हमला किया गया। जाट ने भाजपा के कार्यकर्ताओं पर हमला और गाड़ी में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। भरतपुर जिले के नगर विधानसभा क्षेत्र के सुकेत मतदान में लतीफ नामक एक व्यक्ति ने वीवीपैट मशीन तोड़ दी, यहां दो गुटों में पथराव हुआ। मतदान करने के लिए पंक्ति में खड़े लोग मौके से भाग गए, यहां बूथ कैप्चरिग की कोशिश की गई। मतदानकर्मी जान बचाकर भाग गए, यहां आधे घंटे तक मतदान बंद रहा।

यह भी पढ़ें: वोट कर कहीं पर महिला ने तोड़ा मौन व्रत तो कहीं नवविवाहित दंपति ने किया मतदान; राजस्थान में दिखे कई रंग

भाजपा प्रत्याशी जवाहर सीट पर भी हमला हुआ है। बाद में सुरक्षाबल ने उपद्रवियों को खदेड़ा। भरतपुर जिले के ही कामां में शिक्षा राज्यमंत्री जाहिदा खान और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हुई। जाहिदा के बेटे और उनके समर्थकों ने जबरन मतदान केंद्र में प्रवेश की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने पहले लाठीचार्ज किया, लेकिन वे नहीं माने तो सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने हवाई फायरिंग की।

धौलपुर में भाजपा-बसपा समर्थक आपस में भिड़े

धौलपुर जिले में बाड़ी विधानसभा क्षेत्र के फूले के पुरा गावं में बूथ कैप्चरिंग करने का प्रयास किया गया। यहां भाजपा प्रत्याशी गिर्राज सिंह मलिंगा व बसपा प्रत्याशी जसवंत गुर्जर के समर्थकों ने पहले तो एक-दूसरे से मारपीट की फिर पथराव किया। कंचनपुर में मलिंगा समर्थकों ने हवा में फायरिंग की। अब्दुलपुर गावं में दो पक्ष भिड़ गए।

राठौड़ ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

सीकर के फतेहपुर शेखावाटी में दो गुटों में पथराव हुआ। चूरू जिले के सरदारशहर व तारानगर में भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में टकराव हुआ। जयपुर में झोटवाड़ा सीट से भाजपा प्रत्याशी राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कांग्रेस पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगाया। सिविल लाइंस में भाजपा प्रत्याशी गोपाल शर्मा ने पुलिस अधिकारियों पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रताप सिंह खाचरियावस की मदद करने का आरोप लगाया है।

मकराना में कांग्रेस प्रत्याशी की गाड़ी पर हमला

मकराना में कांग्रेस प्रत्याशी जाकिर हुसैन की गाड़ी पर हमला किया गया। लक्ष्मणगढ़ में भाजपा प्रत्याशी सुभाष महरिया ने कांग्रेस प्रत्याशी और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर फर्जी मतदान करवाने का आरोप लगाया है। यहां कुछ देर तक बवाल भी हुआ।

यह भी पढ़ें: मतदान करने के बाद PM Modi पर अशोक गहलोत का तंज, कहा- उनके भाषणों में...

तीन दशक रिकार्ड

1993 में स्व.भैरोंसिंह शेखावत के नेतृत्व में भाजपा सत्ता में आई। पुिर 1998 में अशोक गहलोत के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी। 2003 में कांग्रेस की बुरी तरह से हार हुई उस समय कांग्रेस को मात्र 21 सीट मिली। वसुंधरा राजे के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी। 2008 में फिर चुनाव हुए तो गहलोत दूसरी बार सीएम बने। 2013 में वसुंधरा के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी और फिर 2018 में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बनी और गहलोत तीसरी बार सीएम बने। पिछले तीस साल में बारी-बारी से गहलोत और वसुंधरा ही सीएम बनते रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।