विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rajasthan Polls: कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ED और CBI को बताया भाजपा का प्रचारक, बोले- एजेंसियों का हो रहा दुरुपयोग

By Jagran NewsEdited By: Devshanker Chovdhary
Published: Sat, 11 Nov 2023 11:47 PM (IST)

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि हमारे पास भाजपा की तरह कोई सुपरस्टार चुनाव प्रचारक नहीं है। ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को मीडिया से बात की। (फाइल फोटो)
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने शनिवार को मीडिया से बात की। (फाइल फोटो)

जागरण संवाददाता, जयपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि हमारे पास भाजपा की तरह कोई सुपरस्टार चुनाव प्रचारक नहीं है। भाजपा के पास ईडी और सीबीआई जैसे सुपरस्टार प्रचारक हैं। ईडी और सीबीआई एक-दो दिन के लिए दीपावली के अवकाश पर गई हैं। फिर वापस सक्रिय हो जाएंगी। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारे तो नेता ही प्रचार कर रहे हैं।

शनिवार को जयपुर में मीडिया से बात करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि ईडी और सीबीआई का दुरूपयोग हो रहा है। ये दोनों भाजपा के हथियार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक अन्य हथियार धुव्रीकरण है। इसके अतिरिक्त उनके पास कुछ भी नहीं है। कर्नाटक की जनता ने भाजपा के धुव्रीकरण को नकार दिया है। राजस्थान की जनता भी कर्नाटक के लोगों की तरह भाजपा को जवाब देगी।

जयराम रमेश ने कहा कि ईडी, सीबीआई और धुव्रीकरण को जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा, भाजपा की रणनीति साफ है कि प्रत्येक चुनाव की तरह 2024 के लोकसभा चुनाव में भी धुव्रीकरण किया जाए। विधानसभा चुनाव के बाद इंडिया गठबंधन की पार्टियां मिलकर विचार करेंगी कि हमारे मुददे क्या होंग।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हम एकजुट होकर काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके सहयोगियों ने चुनावी हथियार सामाजिक धुव्रीकरण,भाषा,जाति और धर्म के आधार पर बनाए हैं। उन्होंने कहा कि संविधान और संवैधानिक संस्थाओं पर आक्रमण हो रहा है। यह लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।

अशोक गहलोत सरकार की योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रचार दो विषयों पर केंद्रित है। पहला यह कि हमनें पांच साल में क्या किया,क्या जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की है । दूसरा यह है कि अगले पांच साल के लिए हम वादे कर रहे हैं। गारंटी दे रहे हैं।