राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी बसपा
बसपा के राजस्थान प्रभारी धर्मवीर सिंह अशोक ने कार्यकर्ताओं को हाथ खड़े करवा कर कार्यकर्ताओं को सरकार बनाने की शपथ दिलाई।
जागरण संवाददाता, जयपुर। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा की है। बसपा ने चुनाव अभियान भी प्रारंभ कर दिया है। चुनाव अभियान के तहत बुधवार को नागौर में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में बसपा के प्रदेश प्रभारी धर्मवीर सिंह अशोक ने कार्यकर्ताओं को हाथ खड़े करवा कर कार्यकर्ताओं को सरकार बनाने की शपथ दिलाई। अशोक ने इस दौरान कहा कि मैं प्रतिज्ञा करके आया हूं कि इस बार 2018 में सरकार बनेगी तो बसपा की बनेगी। हम किसी की सरकार बनने नहीं देंगे। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाई कि "हम प्रतिज्ञा करते है कि इस बार राजस्थान में हमारी सरकार बनेगी"।
उन्होंने कहा कि दलित वर्ग को ताकत कानून बनने से मिलती है और कानून तब बनेगा, जब बसपा की सरकार केंद्र और राज्य में होगी। इस कारण पहले राज्य और फिर केंद्र में बसपा की सरकार बनाने में कार्यकर्ताओं को जुटना होगा। उन्होंने कहा कि बसपा में हर वर्ग का अपना महत्व है। हम सबको साथ लेकर चलने में विश्वास रखते हैं।