जानें इन कलाकारों ने ऐसा क्यों कहा, धर्मेंद्र के प्यार का कर्ज लौटाने का अब आया वक्त
पंजाब के कलाकारों का कहना है कि धर्मेंद्र ने हमेशा से ही पंजाब को प्यार दिया और अब समय आ गया है कि पंजाब के लोग उनके प्यार का ऋण उतारें।
लुधियाना [भूपेंदर सिंह भाटिया]। साहनेवाल में पले-बढ़े बॉलीवुड स्टार धर्मेंद्र ने फिल्म जगत में बुलंदियों को छुआ। कामयाबी के दौरान धर्मेंद्र कभी भी पंजाब के लोगों को भूले नहीं। यदि पंजाब का कोई शख्स मुंबई उनके पास पहुंचता था तो वह उन्हें अपना समझ उसकी मेहमानवाजी करते रहे।
पंजाब के लोगों ने भी उन्हें हमेशा सम्मान दिया। अब लोकसभा चुनाव में भाजपा में उनके बेटे सन्नी दियोल के शामिल होने की खबरों के साथ ही लोगों में उनके प्रति प्यार पनप रहा है। लोगों का कहना है कि भले ही वह मुंबई में रहे, लेकिन हैं तो पंजाबी ही, इसलिए यदि वह चुनाव में उतरते हैं तो अच्छी बात है।
गुड्डू धनोआ।
धर्मेंद्र के भाई व फिल्म निर्माता गुड्डू धनोआ सन्नी के राजनीति में उतरने के कदम को सही करार दे रहे हैं। उनका कहना है कि धर्मेंद्र ने हमेशा से ही पंजाब को प्यार दिया और अब समय आ गया है कि पंजाब के लोग उनके प्यार का ऋण उतारें। चर्चा है कि भाजपा सन्नी को गुरदासपुर से उम्मीदवार बना सकती है। यदि एेसा होता है तो वह विनोद खन्ना की तरह पंजाब के विकास में अवश्य योगदान देंगे। सन्नी में देश के प्रति जज्बा है और वह एक अच्छे राजनीतिज्ञ साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सन्नी हमेशा ही राष्ट्र के मान सम्मान के प्रति ट्विटर पर पोस्ट डालते रहते हैं। यदि बॉलीवुड के अलावा वह राजनीति में कामयाब होते हैं तो सन्नी का ही नहीं, धर्मेंद्र का नाम भी ऊंचा होगा।
तेजवंत सिंह किट्टू।
जाने माने सिंगर तेजवंत सिंह किट्टू का कहना है कि धर्मेंद्र और उनके बेटे सन्नी हमेशा से ही पंजाबियों के दिलों में रहे हैं, क्योंकि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में न सिर्फ बॉलीवुड में अहम स्थान हासिल कर पंजाब का नाम रोशन किया, बल्कि दियोल फेमिली हमेशा ही पंजाब के लोगों को सम्मान देते रहे हैं। यदि सन्नी को गुरदासपुर से टिकट दिया जाता है और वह विकास में योगदान करते हैं तो यह गुरदासपुर व पंजाब के लिए अच्छी बात है।
रविंदर रंगूवाल।
पंजाब के जाने माने भांगड़ा उस्ताद रविंदर रंगूवाल ने सन्नी के कदम पर कहा कि धर्मेंद्र की फेमिली ने पंजाब के लोगों का जिस तरह साथ दिया है, उसका लाभ सन्नी को मिलेगा। पूरा पंजांब धर्मेंद्र को सम्मान की दृष्टि से देखता है। सन्नी कहीं से भी पंजाब आएं, उन्हें सम्मान मिलेगा।