पांच साल में हरसिमरत की प्रॉपर्टी हुई दोगुनी व सुखबीर बने कर्जदार, मान व खैहरा की संपत्ति घटी
लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन के बीच दिग्गज नेताओं की संपत्तियों का खुलासा हो रहा है। पिछले पांच साल मेें हरसिमरत कौर बादल की संपत्ति दोगुनी हो गई है तो सुखबीर बादल कर्जदार हो गए।
जालंधर, जेएनएन। लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने में तेजी आ रही है। विभिन्न पार्टियों के कद्दावर नेताओं ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इससे उनकी संपत्तियों का ब्योरा भी सामने आ रहा है। प्रत्याशियों द्वारा दी गई अपनी चल-अचल संपत्ति की जानकारी से पता चलता है कि ज्यादातर उम्मीदवारों की संपत्ति में खासी बढ़ोतरी हुई है। केंद्रीय मंत्री व बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रत्याशी हरसिमरत कौर बादल की चल संपत्ति दोगुनी हो गई है। दूसरी ओर उनके पति व शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल की प्रापर्टी बढ़ी है, लेकिन उन पर कर्ज भी बढ़ गई है।
12 करोड़ से 24 करोड़ हुई हरसिमरत की चल संपत्ति, सुखबीर की प्रॉपर्टी 75 करोड़, 43 करोड़ से ज्यादा कर्ज
हरसिमरत कौर की संपत्ति पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान 12 करोड़ थी, जो अब बढ़ कर 24 करोड़ हो गई है। उनकी चल संपत्ति में भी 15 करोड़ का इजाफा हुआ है। इसी तरह उनके पति व फिरोजपुर से शिअद उम्मीदवार सुखबीर सिंह बादल की चल संपति में 4.92 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है, जबकि अचल संपति में 36.24 लाख की बढ़त दर्ज की गई है। उनकी कुल संपत्ति 75 करोड़ 89 लाख रुपये से ज्यादा है। वहीं वे 43 करोड़ 67 लाख के कर्जदार भी हैं।
भगवंत मान की संपत्ति 35 लाख और सुखपाल खैहरा की 14 लाख कम हुई
दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के संगरूर से उम्मीदवार भगवंत मान की संपत्ति में 35 लाख और बठिंडा से पीडीए प्रत्याशी सुखपाल खैहरा की संपत्ति में 14.86 लाख रुपये की कमी आई है। वहीं, पटियाला से कांग्रेस उम्मीदवार व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर की प्रॉपर्टी में पांच साल में 1.15 से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। पटियाला से ही शिअद उम्मीदवार सुरजीत सिंह रखड़ा की प्रॉपर्टी में भी 1 करोड़ 30 लाख का इजाफा हुआ है।
बलजिंदर कौर के पास थी साइकिल, अब खरीदी इनोवा
बठिंडा से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी विधायक प्रो. बलजिंदर कौर के पास 2017 में सिर्फ 25 हजार रुपये की नकदी थी। अब यह डेढ़ लाख है। 2017 में उनके पास सिर्फ एक साइकिल थी। अब 17 लाख रुपये की इनोवा कार है। छह लाख कर्ज भी है।
सुखबीर पर चार मामले
शिअद अध्यक्ष व फिरोजपुर से पार्टी प्रत्याशी सुखबीर सिंह बादल पर चार मामले भी विचाराधीन हैं। रिटायर्ड जस्टिस रणजीत सिंह की शिकायत पर माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में उन पर मानहानि का केस चल रहा है। अक्टूबर 2018 को उन पर थाना लंबी में विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। सितंबर 2018 में उन पर थाना लंबी में रास्ता रोकने के आरोप में व हाईवे पर आवागमन प्रभावित करने के आरोप में थाना मक्खू में केस दर्ज हुआ था।
हरसिमरत के पास सात करोड़ के गहने
हरसिमरत कौर बादल के पास 2014 पांच करोड़ 40 लाख रुपये के गहने थे। सुखबीर सिंह बादल के पास 7 लाख 25 हजार रुपये के ही गहने थे। पांच सालों में हरसिमरत कौर बादल के गहनों में काफी इजाफा हुआ है। अब उनके पास सात करोड़ तीन लाख 40 हजार रुपये के गहने हैं। सुखबीर सिंह बादल के पास नौ लाख रुपये के आभूषण हैं। उनके बेटे व बेटी के पास कोई गहना नहीं है।