पंजाब में हरदीप, परनीत अौर सुखबीर सहित कई दिग्गजों के नामांकन से गर्माया चुनावी माहौल
पंजाब में लोकसभा चुनाव का माहौल गर्मा गया है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी परनीत कौर और सुखबीर बादल सहित कई दिग्गज नेताओं ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चंडीगढ़, जेएनएन। पंजाब में लोकसभा चुनाव को लेकर माहौल गर्मा गया है। चुनाव के लिए प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने में तेजी आ गई है। शुक्रवार को केंद्रीय राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर, शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल, आम आदमी पार्टी के प्रधान भगवंत मान सहित कई दिग्गजों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर ने पटियाला लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर परनीत कौर के पति और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और कई अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे। परनीत नामांकन दाखिल करने से पहले गुरुद्वारा श्री दुख निवारण साहिब में नतमस्तक हुईं।
पटियाला सीट से नामांकन दाखिल करतीं परनीत कौर। साथ में हैं सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह।
उधर अमृतसर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने शहर में रोड शो निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। रोड शो में काफी संख्या में श्ािरोमणि अकाली दल (शिअद) और भाजपा के शामिल हुए। इसके बाद हरदीप पुरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर सिंह, हरियाणा वित्त मंत्री व पंजाब में भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु, पंजाब भाजपा के अध्यक्ष श्वेत मलिक और पूर्व कैबिनेट मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया भी मौजूद थे। हरदीप पुरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार की आशंका से बौखला गए हैं, इसलिए अपने विधायकों और मंत्रियों को धमकियां दे रहे हैं।
अमृतसर में रोड शो में हरदीप पुरी, हरियाणा के सीएम मनोहरलाल व अन्य नेता।
मनोहरलाल ने कहा कि देश में मोदी की प्रचंड आंधी चल रही है। हरदीप पुरी रिकॉर्ड मतों से यहां से विजय होंगे। मजीठिया ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह का मिशन 13 फेल होने वाला है इसलिए वह मंत्रियों को धमकाना छोड़कर अपनी चिंता करें।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने फिरोजपुर लोकसभा सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान उनकी पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रधान कमल शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
बठिंडा में नामांकन दाखिल करतीं आप प्रत्याशी प्रो. बलजिंदर कौर।
बठिंडा लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी प्रोफेसर बलजिंदर कौर ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ आप के कई नेता और कार्यकर्ता थे। उधर संगरूर लोकसभा सीट आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान भगवंत मान ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भगवंत मान नामांकन दाखिल करने के लिए अपनी मां के साथ पहुंचे। मान के साथ पंजाब आप के कई वरिष्ठ नेता और आप कार्यकर्ता थे।
संगरूर में नामांकन करने जाते भगंवत मान।
दूसरी आेर, श्री आनंदपुर साहिब से अकाली दल टकसाली के प्रत्याशीे बीर दविंदर सिंह नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ अकाली दल टकसाली के नेता सेवा सिंह सेखवा, उजागर सिंह वडाली सहित अन्य लोग थे ।
जालंधर सीट से अकाली-भाजपा के उम्मीदवार चरणजीत सिंह अटवाल ने नामांकन पत्र दाखिल करते हुए।
जालंधर सीट से अकाली-भाजपा के उम्मीदवार चरणजीत सिंह अटवाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इनके नामांकन के समय कोई बड़ा नेता साथ नहीं था।
जालंधर लोकसभा सीट से पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस के उम्मीदवार नामांकन पत्र सौंपते हुए।
वहीं जालंधर सीट पर पंजाब डेमोक्रेटिक अलायंस के उम्मीदवार बलविंदर कुमार ने नामांकल पत्र भरा। इस मौके पर उनके साथ बहुजन समाजवादी पार्टी के पंजाब के अध्यक्ष यशपाल सिंह राजू उपस्थित रहे।
चंडीगढ़ में समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने जाते पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल।
उधर, चंडीगढ़ सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने रोड निकालने के बाद नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान पवन बंसल के साथ प्रदीप छाबड़ा व मधू बंसल उपस्थित रहे।
होशियारपुर सीट से भाजपा के उम्मीदवार सोम प्रकाश नामांकन पत्र दाखिल करते हुए।
लोकसभा सीट होशियारपुर से भाजपा उम्मीदवार सोम प्रकाश ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक व केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा उपस्थित रहे।