पगड़ी के साथ सिर झुकाने को लेकर विरोधियों के निशाने पर आए हरदीप पुरी
भाजपा प्रत्याशी हरदीप सिंह पुरी ने संत निरंकारी समागम की महिला प्रमुख के आगे सिर झुकाकर विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं।
जेएनएन, अमृतसर। यहां से भाजपा के प्रत्याशी और मोदी सरकार के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने संत निरंकारी समागम की महिला प्रमुख के आगे सिर झुकाकर मुसीबत मोल ले ली है। वाकया पांच मई का है, पर इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया है। उन्होंने सिख संगत से निष्कासित निरंकारियों के आगे झुकने को सिख पंथ का अपमान बताया है। उधर, इस संबंध में हरदीप पुरी से बात नहीं हो पाई। वहीं, भाजपा के पंजाब प्रधान श्वेत मलिक ने इस विषय पर कुछ भी कहने से इन्कार कर दिया।
शिरोमणि अकाली दल दिल्ली के सचिव हरविंदर सिंह सरना ने हरदीप सिंह पुरी पर सिख मर्यादा के हनन के आरोप लगाए हैं। सरना ने कहा कि पांच कई को पुरी द्वारा अमृतसर में आयोजित सत्संग के दौरान निरंकारी मिशन की एक महिला धार्मिक प्रतिनिधि के पैरों में पगड़ी पहले माथा टेकना अति दुखदायी घटना है।
उन्होंने कहा कि यह सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। गुरु साहिब ने सिखों को पगड़ी सम्मान के रूप में दी थी न कि किसी के पैरों में सिर झुकाने के लिए। पुरी को चाहिए था कि वह पगड़ी के साथ किसी महिला के पैरों पर सिर रखने के बजाय हाथ जोड़कर सतश्री अकाल बुला लेते। उन्होंने केवल वोट और कुर्सी हासिल करने के सिख मर्यादा को तार-तार कर दिया। उन्हें सिख पंथ से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।
इसे इश्यू बनाना गलत : हनी
इस संबंध में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजेश हनी का कहना है कि सरना और कांग्रेस तुच्छ राजनीति पर उतर आए हैं। चुनाव में सभी प्रत्याशी सभी जगह माथा टेकने जाते हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के भी ऐसे फोटो हैं जो विभिन्न धार्मिक स्थलों पर जाकर माथा टेक रहे हैं। इसे इश्यू बनाना गलत है और यह धर्म के अनादर के बराबर है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप