Maharashtra Election Result 2019: महाराष्ट्र में भाजपा पर मंदी का साया, अपेक्षित सीटों से रह गई पीछे
Maharashtra Election Result 2019. महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा अपने साथी दलों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में तो आ गई लेकिन अपेक्षित सीटों से पीछे रह गई।
राज्य ब्यूरो, मुंबई। Maharashtra Election Result 2019 देश में चल रही आर्थिक मंदी का साया वीरवार को महाराष्ट्र भाजपा पर भी नजर आया। विधानसभा चुनाव में वह अपने साथी दलों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में तो आ गई, लेकिन अपनी अपेक्षित सीटों से वह काफी पीछे रह गई है।
भाजपा नेताओं ने ‘अबकी बार, 220 पार’ का नारा दिया था। लेकिन अब तक दिखाई दे रहे चुनाव परिणामों में वह अपने साथी दलों के साथ 160 के भी पार जाती नहीं दिखाई दे रही है। अब तक भाजपा को लड़ी गई 150 सीटों में 101 और उसके साथ गठबंधन करके लड़ी शिवसेना को 124 में 60 पर विजय हासिल हुई है। इन दोनों दलों के आंकड़े 2014 की अपेक्षा खराब हैं।
जबकि अत्यंत दयनीय स्थिति में बताई जा रही कांग्रेस-राकांपा अपनी सीटें सुधारने में कामयाब रही हैं। कांग्रेस को अब तक 45 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 56 सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं। 28 सीटों पर अन्य छोटे दलों के अथवा निर्दलीय प्रत्याशी जीतते नजर आ रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या भाजपा-शिवसेना से बगावत करके चुनाव लड़नेवाले निर्दलीय प्रत्याशियों की है।
भाजपा को करारा झटका विदर्भ क्षेत्र से लगा है। जहां वह पिछली बार की 44 सीटों से घटकर 29 पर आ गई है। विदर्भ मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी एवं राज्य के वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार का क्षेत्र है। भाजपा नेताओं का दावा रहा है कि पिछले पांच वर्ष की भाजपानीत सरकार में विदर्भ के विकास के लिए काफी काम किया गया है। लेकिन विदर्भ में भाजपा को मिली कम सीटों ने उसके इस दावे की हवा निकाल दी है। दूसरी और कांग्रेस और राकांपा जैसे दल पश्चिम और उत्तर महाराष्ट्र के अपने परंपरागत गढ़ बचाने में कामयाब रहे और उन्हीं की बदौलत अपनी स्थिति भी पिछले चुनाव की तुलना में ज्यादा मजबूत कर सके।
भाजपा को कई अप्रत्याशित झटके भी लगे हैं। हाल ही में राकांपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए सातारा के सांसद उदयनराजे भोसले इस बार अपना चुनाव हार गए। इसी प्रकार भाजपा के दिग्गज नेता रहे गोपीनाथ मुंडे की पुत्री एवं फड़नवीस सरकार में ग्राम विकास मंत्री रहीं पंकजा मुंड भी अपने ही चचेरे भाई एवं राकांपा प्रत्याशी धनंजय मुंडे से हार गईं। नारायण राणे के पुत्र नीतेश राणे अपनी परंपरागत कणकवली सीट से जीतने में कामयाब रहे, तो शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के पुत्र आदित्य ठाकरे भी मुंबई की वरली सीट से भारी बहुमत से विजयी रहे।