Maharashtra Assembly Elections 2019: पीएम मोदी दो और राहुल तीन रैलियों को करेंगे संबोधित
21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले महाराष्ट्र में आज पीएम मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रैली करेंगे।
नई दिल्ली, एएनआइ। 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा और कांग्रेस समेत अन्य पार्टियां एक्शन मोड़ में आ गई हैं। इसी कड़ी में आज महाराष्ट्र में पीएम मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रैली करेंगे। पीएम मोदी दो, तो वहीं राहुल तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी मोदी आज महाराष्ट्र के जलगांव और सकोली में सार्वजनिक रैलियों को संबोधित करेंगे। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चंदीवली, धारावी और लातूर में रैलियों को संबोधित करने वाले हैं।
पीएम मोदी का ट्वीट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लेकर शनिवार को ट्वीट किया 'कल महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार करूंगा। जलगांव और सकोली में रैलियों को संबोधित करने के लिए तैयार हूं। एनडीए युवा और दूरदर्शी सीएम देवेंद्र फडणवीस जी के नेतृत्व वाली हमारी सरकार के शानदार कार्यों के आधार पर लोगों के पास जा रहा है। हम राज्य की सेवा के लिए पांच साल और चाहते हैं।
भाजपा के निशाने पर राहुल
यह पहली बार होगा कि राहुल गांधी, लोकसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के लिए प्रचार करेंगे। हालांकि, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को हरियाणा और महाराष्ट्र में विधानसभा चुनावों से पहले विदेश जाकर पार्टी और अपनी किरकिरी करा चुके हैं। भाजपा समेत अन्य दलों ने इसे हाथोंहाथ लपका और उनपर निशाना साधा। यही नहीं पार्टी में बगावत के शुर देखने को मिले हैं।
भाजपा 150 सीटों पर लड़ रही चुनाव
भाजपा 150 सीटों पर और उसकी सहयोगी शिवसेना महाराष्ट्र में 124 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। भाजपा के गठबंधन सहयोगियों ने पार्टी के कमल चिन्ह पर 14 उम्मीदवार उतारे हैं।
कांग्रेस 125 सीटों पर लड़ रही चुनाव
इस बीच, कांग्रेस एनसीपी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। दोनों दल 288 सदस्यीय विधानसभा में 125 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं और शेष 38 सीटों पर उसके सहयोगी हैं। 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 21 अक्टूबर को एक ही चरण में होगा। मतों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी।